पठानकोट में अब मुफ्त होगी दूध की शुद्धता की जांच: डेयरी विकास विभाग ने शुरू की मुहिम, मलिकपुर DAC में मिलेगी सुविधा – Pathankot News

पठानकोट में अब मुफ्त होगी दूध की शुद्धता की जांच:  डेयरी विकास विभाग ने शुरू की मुहिम, मलिकपुर DAC में मिलेगी सुविधा – Pathankot News




क्या आपके घर आने वाला दूध पूरी तरह शुद्ध है? क्या उसमें पानी या किसी हानिकारक केमिकल की मिलावट तो नहीं है? अब पठानकोट के निवासियों को इस बात की चिंता करने की जरूरत नहीं है। डेयरी विकास विभाग ने जिले के लोगों को एक बड़ी सौगात देते हुए घरेलू उपयोग के लिए खरीदे जाने वाले दूध की मुफ्त क्वालिटी जांच की सुविधा शुरू कर दी है। अब कोई भी नागरिक अपने घर के दूध का सैंपल लेकर सीधे जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में जाकर इसकी मुफ्त जांच करवा सकता है, जहां चंद मिनटों में दूध की शुद्धता का सच सामने आ जाएगा।
मलिकपुर डीएसी में मिलेगी सुविधा
डेयरी डेवलपमेंट विभाग के डिप्टी डायरेक्टर कश्मीर सिंह ने बताया कि यह विशेष सुविधा मलकपुर स्थित जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर बने कमरा नंबर 345-ए में उपलब्ध कराई गई है। लोगों को बस अपने घर के दूध का एक छोटा सैंपल लेकर यहां आना होगा। जांच के तुरंत बाद विभाग की ओर से एक विस्तृत रिपोर्ट दी जाएगी, जिससे यह साफ हो जाएगा कि दूध में किसी तरह की मिलावट की गई है या नहीं।
अधिकारियों ने बताया कि जिले का कोई भी उपभोक्ता या दूध उत्पादक किसी भी कार्य दिवस पर सुबह 9 से 11 बजे के बीच अपने घर से दूध का सैंपल जांच के लिए दे सकता है। इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। दूध उपभोक्ता जागरूकता अभियान के तहत उठाया कदम
डिप्टी डायरेक्टर ने जानकारी दी कि यह पहल पंजाब के पशुपालन, मछली पालन और डेयरी विकास मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां के नेतृत्व में चलाए जा रहे दूध उपभोक्ता जागरूकता अभियान का एक अहम हिस्सा है। इसे डायरेक्टर डेयरी डेवलपमेंट डिपार्टमेंट पंजाब वरियाम सिंह गिल के दिशा-निर्देशों के तहत पूरे जिले में प्रभावी ढंग से लागू किया गया है।
इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य आम जनता को मिलावटखोरों से बचाना, उन्हें शुद्ध व उच्च गुणवत्ता वाला दूध सुनिश्चित करना और लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
विभाग ने की जनता से सहयोग की अपील
डिप्टी डायरेक्टर कश्मीर सिंह ने पठानकोट के सभी नागरिकों और दूध उत्पादकों से अपील की है कि वे आगे आएं और विभाग की इस मुफ्त सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जब लोग जागरूक होंगे और खुद दूध की जांच करवाएंगे, तो मिलावट करने वालों पर अपने आप लगाम लगेगी। इस शुद्ध दूध अभियान को सफल बनाने के लिए आम जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *