चंडीगढ़ प्रशासन पीएम मोदी के दौरे की तैयारियों में लगा: 17 जुलाई को संभावित दौरा, PGI और पीयू के तीन प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन – Chandigarh News
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को चंडीगढ़ दौरे की संभावना को देखते हुए यूटी प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से अभी तक कार्यक्रम को अंतिम मंजूरी नहीं मिली है, लेकिन प्रशासन ने संभावित उद्घाटन और लोकार्पण परियोजनाओं की सूची तैयार करने का काम तेज कर दिया है। शहर की प्रमुख विकास परियोजनाओं की सूची जल्द ही पीएमओ को भेजी जाएगी, जिसके बाद अंतिम कार्यक्रम तय होगा। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री का मुख्य सार्वजनिक कार्यक्रम सेक्टर-14 स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित किया जा सकता है। पीजीआई को मिल सकती हैं दो बड़ी स्वास्थ्य परियोजनाएं संभावित दौरे के दौरान प्रधानमंत्री पीजीआई चंडीगढ़ में तैयार दो बड़े स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन कर सकते हैं। इनमें सबसे प्रमुख एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर और मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर शामिल हैं। एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर शुरू होने के बाद न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी और मस्तिष्क संबंधी गंभीर बीमारियों के इलाज की अत्याधुनिक सुविधाएं मरीजों को एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इससे पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और अन्य राज्यों से आने वाले मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर के शुरू होने से गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों के इलाज की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसके जरिए पीजीआई में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा। पंजाब यूनिवर्सिटी को मिलेगा नया अत्याधुनिक ऑडिटोरियम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस में तैयार बहुउद्देशीय ऑडिटोरियम का भी उद्घाटन कर सकते हैं। करीब 2400 लोगों की बैठने की क्षमता वाला यह ऑडिटोरियम शहर के सबसे बड़े और आधुनिक सभागारों में शामिल होगा। इसका उपयोग दीक्षांत समारोह, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य बड़े आयोजनों के लिए किया जाएगा। यूनिवर्सिटी प्रशासन इसे भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार कर रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू किया प्रारंभिक काम प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने रूट प्लान, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल से जुड़े इंतजामों पर शुरुआती स्तर पर काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पीएमओ से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद विस्तृत कार्यक्रम और समय-सारिणी जारी की जाएगी। फिलहाल शहर प्रशासन प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सभी संभावित तैयारियों को समय रहते पूरा करने में जुटा हुआ है।
Source link

