मानहानि केस में बठिंडा कोर्ट में पेश हुईं कंगना: वकील का अनोखा तर्क- शिकायतकर्ता का सम्मान बढ़ा-अर्थिक मदद मिली, अब सुनवाई 18 को – Bathinda News
बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत बहुचर्चित मानहानि मामले में आज बठिंडा अदालत में पेश हुईं। हालांकि, कंगना ने कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के बजाय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से अपनी हाजिरी लगवाई और दलीलें पेश कीं। इस दौरान कंगना रनौत के वकील ने अदालत में एक बेहद अनोखा और नया तर्क दिया, जिसको लेकर कोर्ट रूम में लंबी बहस छिड़ गई। सुनवाई के दौरान कंगना रनौत के कानूनी सलाहकार ने अदालत में दलील देते हुए कहा कि कंगना की टिप्पणी से पूरे पंजाब या देश में बेबे महिंदर कौर का सम्मान कम नहीं हुआ है, बल्कि इसके विपरीत उनका मान-सम्मान और ज्यादा बढ़ गया है। वकील ने कोर्ट के सामने यह भी पक्ष रखा कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद देश-विदेश से माता महिंदर कौर को काफी लोगों ने सम्मानित किया है और उन्हें बड़ी मात्रा में आर्थिक सहायता (पैसे) भी मिली है। पीड़ित पक्ष ने की कंगना का पासपोर्ट जब्त करने की मांग बेबे महिंदर कौर के वकील रघुबीर सिंह बहनीवाल ने बताया कि “आज अदालत में दोपहर 2:00 बजे से लेकर शाम 4:15 बजे तक (सवा दो घंटे) सघन बहस हुई। इस दौरान किसान नेता सुरजीत सिंह फूल और एक मुख्य गवाह की गवाही दर्ज की गई है। हमने माननीय अदालत के समक्ष कंगना रनौत का पासपोर्ट जब्त करने की मांग उठाई है, ताकि वे कानूनी प्रक्रिया से बच न सकें। दूसरी ओर, कंगना के वकील ने अगली तारीख की मांग की।” धरने पर बैठने को लेकर भी उठाए सवाल कंगना रनौत के वकील ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिरह करते हुए एक और दावा किया। उन्होंने कहा कि किसान नेता सुरजीत सिंह फूल और माता महिंदर कौर उस समय धरने पर गए ही नहीं थे। उन्होंने अदालत के सामने सवाल खड़ा किया कि क्या इस घटना से माता जी का सम्मान घटा है? वकील ने टिप्पणी करते हुए कहा कि यह कानूनी इतिहास में पहली बार हो रहा है जब किसी मानहानि केस में यह दलील दी जा रही हो कि पीड़ित का सम्मान घटा नहीं, बल्कि कई लोगों द्वारा दिए गए पैसों और सम्मान के कारण बढ़ गया है। 18 जुलाई, 2026 तक के लिए टला फैसला अदालत ने दोनों पक्षों की लंबी और तीखी बहस को सुनने के बाद कंगना रनौत का पासपोर्ट जब्त करने की अर्जी और अन्य अंतरिम मांगों पर फिलहाल अपना फैसला टाल दिया है। अदालत ने इस मानहानि मामले की अगली सुनवाई के लिए अब 18 जुलाई, 2026 की तारीख मुकर्रर की है। आगामी तारीख पर कोर्ट इस मामले में आगे की गवाहियों और कानूनी बिंदुओं पर विचार करेगा।
Source link

