चुनाव से पहले शहरों में AAP का ‘सनातन कार्ड’: लुधियाना में सनातन भवन का भूमि पूजन; सिसोदिया-अरोड़ा और बग्गा संकीर्तन में रहे मौजूद – Ludhiana News
विधानसभा चुनाव 2027 जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है तो आम आदमी पार्टी ने शहरी क्षेत्रों में सनातन कार्ड खेलना शुरू कर दिया। आप सनातन धर्म से जुड़े धार्मिक स्थलों का सौंदयीर्करण करने का दावा कर रही है। लुधियाना में आम आदमी पार्टी सरकार सनातन भवन का निर्माण करवा रही है। बुधवार को आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, पंजाब प्रधान व कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, कैबिनेट मंत्री हरदीप मुंडियां, लुधियाना उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक मदन लाल बग्गा व पार्षद अमन बग्गा ने मिलकर भूमि पूजन किया और सनातन भवन का नींव पत्थर रखा। सनातन भवन का निर्माण उत्तरी विधानसभा के छावनी मोहल्ला में करवाया जा रहा है। विधायक मदन लाल बग्गा ने कहा कि यहां पर सरकारी फंड से भव्य सनातन भवन बनाया जाएगा। उनका कहना है कि लंबे समय से छावनी मोहल्ला में सनातन भवन के निर्माण की डिमांड चल रही थी। उन्होंने बताया कि जब यह डिमांड उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास रखी तो उन्होंने तुरंत इसके लिए सहमति दे दी। उसके बाद इस भवन का निर्माण कार्य अब शुरू किया जा रहार है। भवन का नीव पत्थर रखने के मौके पर संकीर्तन करवाया गया। भवन का निर्माण नगर निगम के फंड से किया जाना है। नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने कार्यक्र में पहुंचे मंत्रियों, विधायकों व अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कमिश्नर ने कहा कि इसका निर्माण जल्दी से जल्दी पूरा कर दिया जाएगा। सनातन के प्रचार प्रसार के लिए प्रयोग होगा भवन दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री व पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार सभी धर्मों व हर वर्ग का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सनातन भवन के लिए मंजूरी दी है और इसके पीछे सबसे बड़ा हाथ विधायक मदन लाल बग्गा का है। इन्होंने इस भवन के लिए सरकार से डिमांड रखी और फिर सरकार ने इसे मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि जब यह भवन तैयार हो जाएगा उसके बाद यहां पर सनातन धर्म के कई कार्यक्रम हो सकेंगे और इससे सनातन का प्रचार प्रसार होगा। पूरे प्रदेश में कर रहे हैं सनातन स्थलों का जीर्णोधार कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब के सनातन स्थलों को संवारेगी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल व मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर में घोषणा की है कि वहां पर लव कुश और माता सीता का मंदिर बनाया जाएगा। पटियाला में काली माता मंदिर के सौंदर्यीकरण का काम चल रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह अन्य कई जगहों पर सनातन के स्थलों को पंजाब सरकार सुंदर बना रही है।
Source link

