पठानकोट में जहरीली चरी खाने से 9 भैंसों की मौत: खाते ही तड़पकर मरने लगे पशु, गरीब परिवार की आजीविका पर संकट – Pathankot News

पठानकोट में जहरीली चरी खाने से 9 भैंसों की मौत:  खाते ही तड़पकर मरने लगे पशु, गरीब परिवार की आजीविका पर संकट – Pathankot News




पठानकोट के सुजानपुर हलके के तहत आने वाले गांव जम्मू कल्यारी में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। यहाँ खेतों में कथित तौर पर जहरीली चरी (हरा चारा) खाने के कारण एक गरीब परिवार की 9 भैंसों की मौत हो गई। मरने वाले पशुओं में 7 बड़ी भैंसें और 2 छोटी कटड़ियां (बच्चे) शामिल हैं। इस अचानक हुए हादसे से पीड़ित पशुपालक परिवार को करीब 7 से 8 लाख रुपये का भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पीड़ित पशुपालक अली हुसैन और अब्दुल्ला ने बताया कि वे रोजाना की तरह सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच अपनी भैंसों को खेतों में चराने के लिए लेकर गए थे। परिवार की महिला सदस्य समीरा के अनुसार, खेतों में खड़ी चरी खाते ही पशुओं पर अचानक किसी जहरीले तत्व का असर होने लगा। सबसे पहले एक कटड़ी लड़खड़ाकर जमीन पर गिरी। पशुओं की बिगड़ती हालत को देखकर घबराए परिजन उन्हें बचाने के लिए पास के पानी की तरफ ले जाने लगे, लेकिन पानी के पास पहुंचते-पहुंचते सभी 9 भैंसों ने तड़पकर दम तोड़ दिया। परिवार के सामने पैदा हुआ रोजी-रोटी का संकट यह पीड़ित परिवार बेहद गरीब है और दूध बेचकर ही अपने बच्चों का पालन-पोषण करता था। इस हादसे ने उनकी कमाई का एकमात्र जरिया भी छीन लिया है। पीड़ित परिजनों ने रोते हुए कहा कि उनका यही इकलौता कारोबार था जिससे घर का चूल्हा जलता था। अब उनके पास सब कुछ खत्म हो चुका है और स्थिति इतनी खराब है कि घर के छोटे बच्चों के लिए 100 ग्राम दूध तक का प्रबंध करने के लिए कोई पशु नहीं बचा है। ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने सरकार से मांगी मदद इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे जम्मू कल्यारी इलाके के लोगों में चिंता और शोक का माहौल है। गांव के सरपंच और स्थानीय निवासियों ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी सहानुभूति जताई है। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन तथा पंजाब सरकार से गुहार लगाई है कि इस गरीब परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत उचित वित्तीय मुआवजा और आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *