मोहाली के डेराबस्सी में चैरिटेबल पैथोलॉजी लैब शुरू: ‘नो प्रॉफिट-नो लॉस’ मॉडल पर चलेगी, पद्मश्री शंटी व तरसेम जस्सड़ ने किया उद्घाटन – Mohali News
मानव सेवा के लिए समर्पित गैर-लाभकारी संस्था ‘लाइफ केयर फाउंडेशन’ ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। संस्था द्वारा डेराबस्सी के दिल्ली रोड पर अपनी नई सेंट्रल चैरिटेबल पैथोलॉजी लैब का शुभारंभ किया गया है। सोमवार को आयोजित एक भव्य समारोह में इस अत्याधुनिक लैब का उद्घाटन पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग के सदस्य पद्मश्री जतिंदर सिंह शंटी और मशहूर पंजाबी गायक व अभिनेता तरसेम जस्सड़ ने संयुक्त रूप से किया। इस लैब का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को बेहद किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण टेस्ट सुविधाएं उपलब्ध कराना है। फाउंडेशन के प्रबंधकों ने संस्था के सफर और उसकी उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि अक्टूबर 2020 में शुरू हुई यह अनूठी सेवा आज पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 200 से अधिक केंद्रों तक विस्तार कर चुकी है। इन केंद्रों के माध्यम से हर साल 14 लाख से अधिक मरीजों को ‘नो प्रॉफिट-नो लॉस’ के सिद्धांत पर किफायती और विश्वसनीय पैथोलॉजी जांच सेवाएं दी जा रही हैं। संस्था की मुख्य प्रयोगशाला NABL मान्यता प्राप्त है, जो टेस्ट रिपोर्टों की उच्च गुणवत्ता और सटीकता को सुनिश्चित करती है। कैंसर और किडनी रोगियों के लिए विशेष मुफ्त सेवा लाइफ केयर फाउंडेशन आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए एक बड़ा संबल बनकर उभरा है। संस्था द्वारा प्रति माह 1,000 से अधिक कैंसर और किडनी रोगियों को निशुल्क (Free) प्री-कीमोथेरेपी और प्री-डायलिसिस जांच की सुविधा दी जाती है। इससे गरीब परिवारों को इलाज के भारी-भरकम खर्च से बड़ी राहत मिल रही है। ‘इलाज में आड़े नहीं आना चाहिए आर्थिक अभाव’ उद्घाटन के अवसर पर पहुंचे मुख्य अतिथि पद्मश्री जतिंदर सिंह शंटी और अभिनेता तरसेम जस्सड़ ने फाउंडेशन के सेवा कार्यों की खुले दिल से सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद और पिछड़े वर्ग के लिए ऐसी चैरिटेबल लैब्स किसी वरदान से कम नहीं हैं। किसी भी इंसान का इलाज सिर्फ इसलिए नहीं रुकना चाहिए कि उसके पास पैसों की कमी है। लाइफ केयर फाउंडेशन का यह प्रयास पूरे समाज के लिए अनुकरणीय और प्रेरणादायक है।” संगत और समाज को समर्पित है यह प्रयास: अवतार सिंह कार्यक्रम के अंत में संस्था के प्रबंधक अवतार सिंह ने सभी आए हुए अतिथियों और सहयोगियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह लैब केवल किसी संस्था की संपत्ति नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह से समाज और संगत की सेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि भविष्य में भी जरूरतमंद मरीजों तक सस्ती, सुलभ और बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का यह महाअभियान लगातार जारी रहेगा।
Source link

