अमृतसर में कचरा फैलाने वालों पर निगम का सख्त एक्शन: मॉल रोड-लॉरेंस रोड के कई प्रतिष्ठानों पर जुर्माना, स्वच्छता नियम तोड़ने वालों को चेतावनी – Amritsar News
अमृतसर को स्वच्छ और कूड़ा-मुक्त बनाने के लिए नगर निगम अमृतसर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। यह विशेष अभियान मॉल रोड और लॉरेंस रोड क्षेत्र में चलाया गया, जहां नगर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का उल्लंघन करने वाले कई प्रतिष्ठानों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया गया। इस अभियान का नेतृत्व स्वयं नगर निगम आयुक्त बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने किया। जानकारी के अनुसार, बीती रात मॉल रोड पर एक बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान द्वारा अवैध रूप से कचरा फेंके जाने की घटना सामने आई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने तुरंत स्वच्छता शाखा को सड़क से कचरा हटाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। रविवार आयुक्त ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर अभियान की निगरानी की। इस दौरान मेडिकल ऑफिसर हेल्थ डॉ. योगेश अरोड़ा, मुख्य स्वच्छता अधिकारी मलकियत सिंह, सचिव-सह-एस्टेट अधिकारी सुशांत भाटिया सहित स्वच्छता शाखा के कई अधिकारी मौजूद रहे। नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना जांच के दौरान कई प्रतिष्ठान नगर निगम के स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। सत्यम एंटरप्राइजेज पर 10 हजार रुपये, एम/एस केयरट लाइन शोरूम पर 5 हजार रुपये, गुरमुख सिंह पेंट स्टोर पर 10 हजार रुपये, लॉरेंस रोड स्थित एक शराब के ठेके पर 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा दसोंधा सिंह रोड स्थित शर्मा स्वीट्स के खिलाफ भी चालान कर कार्रवाई की गई। नगर निगम आयुक्त बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने कहा कि निगम की ओर से शहर की प्रमुख सड़कों की प्रतिदिन तीन बार सफाई करवाई जाती है। इसके बावजूद यदि कोई व्यावसायिक प्रतिष्ठान निर्धारित व्यवस्था के अनुसार कचरा देने के बजाय उसे सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर फेंकता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छता में जनता से सहयोग की अपील आयुक्त ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। नगर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत जुर्माने के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही उन्होंने दुकानदारों, व्यापारियों और शहरवासियों से अपील की कि वे गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन का उपयोग करें, कचरे का सही निस्तारण करें और सार्वजनिक स्थानों को गंदा करने से बचें। उनका कहना है कि अमृतसर को स्वच्छ, सुंदर और कूड़ा-मुक्त बनाना केवल नगर निगम ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
Source link

