नकोदर में टोल प्लाजा के पास ट्रकों की अवैध पार्किंग: सड़क टूटी, हादसे बढ़े; लोगों ने ढाबा मालिकों और पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल – Nakodar News
नकोदर-मेहतपुर जगरावां मुख्य मार्ग पर स्थित मेहतपुर के संगवाल टोल प्लाजा के पास रेत से भरे ट्रकों की अवैध पार्किंग आम जनता के लिए बड़ी समस्या बन गई है। इन ट्रकों के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है और लगातार हादसे हो रहे हैं। टोल प्लाजा से लेकर पुल तक बने ढाबों पर सुबह से रात तक अनगिनत भारी-भरकम ट्रकों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे करीब 200 मीटर तक अवैध पार्किंग की स्थिति बनी रहती है। इन ट्रकों में लदी गीली रेत का पानी लगातार हाईवे पर बहता है, जिससे टोल प्लाजा के पास सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। पुल के पास की सड़क भी पानी जमा होने से टूटने की कगार पर है। पानी के साथ बहकर आई रेत धूप में सूखकर धूल बन जाती है। यह धूल सीधे दोपहिया वाहन चालकों की आँखों में पड़ती है, जिससे वे बेकाबू होकर गिर रहे हैं। रात के अंधेरे में ये अवैध रूप से खड़े ट्रक ठीक से दिखाई न देने के कारण कई बड़े हादसे हो चुके हैं। ढाबा मालिकों की भूमिका पर उठ रहे सवाल इस पूरे मामले में ढाबा मालिकों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने अपने ढाबों के अंदर छोटे-छोटे बोर्ड टांग रखे हैं, जिन पर लिखा है कि ‘कोई भी गीली रेत का ट्रक सड़क पर न खड़ा किया जाए’। हालांकि, यह केवल प्रशासन को गुमराह करने और अपनी जिम्मेदारी से बचने की एक औपचारिकता मात्र है। ढाबा मालिक अपने निजी व्यापारिक लाभ के लिए नियमों का सरेआम उल्लंघन करवा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जहां ये ट्रक चौबीसों घंटे अवैध रूप से खड़े रहते हैं, ठीक वहीं टोल प्लाजा के पास मेहतपुर पुलिस का नाका तैनात रहता है। इससे थोड़ा आगे पुल पर हाईटैक नाकाबंदी भी होती है। इसके बावजूद, आज तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने न तो इन ढाबा मालिकों पर कार्रवाई की और न ही इन ट्रक ड्राइवरों को रोका है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने उच्च अधिकारियों तथा संबंधित विभाग से तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इससे आम जनता की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
Source link

