मोहाली के गुरुद्वारे में हंगामा: उत्तराखंड से रिहा होकर लौटे निहंग पर शख्स ने हमले की कोशिश; समर्थकों ने आरोपी को दबोचा – Mohali News
उत्तराखंड से रिहा होकर पंजाब लौटे निहंग सिंहों के स्वागत समारोह के दौरान रविवार को मोहाली के गुरुद्वारे में हंगामा हो गया। समारोह के बीच एक व्यक्ति ने निहंग बाबा जसदीप सिंह पर हमला करने की कोशिश की। इससे गुरुद्वारा परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। हालांकि, मौके पर मौजूद निहंग सिंहों और समर्थकों ने तुरंत आरोपी को काबू कर लिया। 16 जून को कर्णप्रयाग में विवाद शुरू हुआ था। यहां निहंगों और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद चारों निहंगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के विरोध में कुछ निहंगों ने गुरुद्वारे पर कब्जा कर लिया। वहीं, पंजाब से बड़ी संख्या में निहंगों ने उत्तराखंड कूच का ऐलान किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में बॉर्डर पर ही रोक दिया था। शुक्रवार रात हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हस्तक्षेप के बाद गतिरोध खत्म हुआ था। उनके निर्देश पर पॉलिटिकल एडवाइजर तरुण भंडारी ने उत्तराखंड सरकार से बातचीत की, जिसके बाद शनिवार को मारपीट मामले में गिरफ्तार चारों निहंगों को जमानत मिल गई। स्वागत समारोह के दौरान अचानक बिगड़ा माहौल
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के कर्णप्रयाग मामले में गिरफ्तार किए गए निहंग सिंह हाल ही में अदालत से जमानत मिलने के बाद पंजाब लौटे थे। उनकी रिहाई पर मोहाली के गुरुद्वारा सिंह शहीदां, सोहाना में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। समारोह के दौरान निहंग सिंहों को सिरोपा भेंट किए जा रहे थे और संगत की ओर से जयकारे लगाए जा रहे थे। इसी बीच भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति अचानक आगे आया और बाबा जसदीप सिंह के साथ हाथापाई करने का प्रयास किया। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद निहंग सिंहों और समर्थकों ने उसे पकड़ लिया। बाइक-कार की टक्कर से शुरू हुआ था विवाद
विवाद 16 जून को चमोली जिले के कर्णप्रयाग बाजार में शुरू हुआ। हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे निहंगों के एक जत्थे की बाइक बाजार में खड़ी एक कार से टकरा गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि कुछ निहंगों ने तलवार और अन्य धारदार हथियारों से हमला किया, जिसमें कई स्थानीय लोग घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार निहंगों (मोहाली निवासी जसनप्रीत सिंह, अजय सिंह व मनप्रीत सिंह और एसएएस नगर निवासी सतविंदर सिंह) को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। स्थानीय लोगों पर भी FIR
घटना के बाद सिख समुदाय ने आरोप लगाया कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की है और निहंगों ने आत्मरक्षा में कदम उठाया था। इसके बाद घायल सिख श्रद्धालु के पिता की शिकायत पर स्थानीय अज्ञात लोगों के खिलाफ भी कर्णप्रयाग कोतवाली में काउंटर एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद यह विवाद नगरासू गुरुद्वारे तक पहुंचा। फिर पंजाब से निहंगों का जत्था उत्तराखंड कूच के लिए निकला। कुल्हाल बॉर्डर पर पुलिस और निहंगों के बीच टकराव हुआ।
Source link

