सीमा पार से तस्करी करने वाले नेटवर्क के 4 तस्कर काबू, 10 पिस्तौल बरामद – Amritsar News
भास्कर न्यूज | अमृतसर पुलिस ने सीमा पार से हथियार तस्करी करने वाले एक नेटवर्क के 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 10 पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस और 2 मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक तस्कर के इशारे पर पाकिस्तान सीमा से आने वाली हथियारों की खेप लेकर पंजाब के आपराधिक गिरोहों तक पहुंचाते थे। आरोपियों की पहचान रवि सिंह (33) और शरणबीर सिंह उर्फ सन्नी (31) निवासी गांव मुहावा घरिंडा और जबकि फिरोजपुर के गांव निहाला किलचा के रहने वाले मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू (21) तथा गांव फतेहवाला हिठाड़ के रहने वाले पिप्पल सिंह (22) के रूप में हुई है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पूरे नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जा रही है ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पहले रवि सिंह और शरणबीर उर्फ सन्नी को 3 पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर 2 और पिस्तौल बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने मनप्रीत उर्फ मन्नू और पिप्पल सिंह को 3 पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। दोनों से पूछताछ के दौरान 2 और पिस्तौल बरामद किए गए। इस तरह कुल 10 पिस्तौल बरामद हुए। बरामद हथियारों में 3 चीन निर्मित पिस्तौल, एक ऑस्ट्रिया निर्मित 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, एक अन्य 9 एमएम पिस्तौल, पांच 30 बोर पिस्तौल तथा 9 जिंदा कारतूस शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि रवि सिंह और शरणबीर उर्फ सन्नी पहले से 11 सितंबर 2025 को थाना घरिंडा में हत्या प्रयास और असलहा एक्ट का पर्चा दर्ज है। 7 पिस्तौल भी बरामद हुए थे। दोनों आरोपी दोनों मामलों में वांछित थे। पुलिस के अनुसार चारों आरोपी अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांवों के रहने वाले हैं, जिससे सीमा पार हथियार तस्करी नेटवर्क से इनके सीधे संपर्क होने की आशंका और मजबूत हुई है। उक्त हथियारों की खेप अटारी बार्डर से उठाई थी। जिसे टारगेट किलिंग के लिए पंजाब के विभिन्न जिलों में सप्लाई करने वाले थे। उक्त आरोपियों को 10 से 15 हजार रुपए सप्लाई के मिलने थे।
Source link

