फाजिल्का में 3 कनाल जमीन को लेकर संघर्ष: धारदार हथियार चले, 6 घायल; दोनों पक्षों ने लगाए हमले के आरोप – Fazilka News

फाजिल्का में 3 कनाल जमीन को लेकर संघर्ष:  धारदार हथियार चले, 6 घायल; दोनों पक्षों ने लगाए हमले के आरोप – Fazilka News




फाजिल्का जिले के गांव छोटी ओडियां में जमीन को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को खूनी झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुए टकराव में धारदार हथियार और लाठियां चलने से करीब छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने के आरोप लगाए हैं। अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस जांच में जुट गई है। एक पक्ष के महेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी बहन ने तीन कनाल जमीन उनके छोटे भाई राजिंदर कुमार को बेच दी थी। उनका कहना है कि वह पहले से इस जमीन पर खेती कर रहे थे और फसल की बुआई पर खर्च भी कर चुके थे। उन्होंने अपने भाई से यह खर्च देने की बात कही, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। घायल रविंदर कुमार और सुप्रिया ने आरोप लगाया कि उनके चाचा कुछ लोगों को साथ लेकर आए और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। उनका दावा है कि उनके पिता के सिर और हाथ पर वार किए गए, जिससे एक अंगुली कट गई। रविंदर बोले- बहन की आंख के पास लाठी लगने से चोट आई वहीं उनकी बहन की आंख के पास लाठी लगने से चोट आई, जबकि उनकी मां भी हमले में घायल हो गईं। दूसरी ओर, घायल राजिंदर कुमार ने बताया कि पंचायत में फैसला हुआ था कि बड़े भाई को धान की फसल लगाने के लिए छह माह तक जमीन इस्तेमाल करने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उन्होंने आसपास की जमीन ठेके पर ली हुई है और वहां जाने के लिए रास्ते की मांग की थी। रास्ता न मिलने पर विवाद बढ़ गया। उनका आरोप है कि बड़े भाई और उसके परिवार ने उन पर धारदार हथियारों से हमला किया तथा उनके ट्रैक्टर को आग लगाने की भी कोशिश की। पुलिस का कहना है कि घायलों की मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) संबंधित थाने में पहुंचने के बाद पूरे मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *