मानसा में प्लॉट के हक को लेकर रिश्तेदारों में फायरिंग: बुआ और मामा के बेटों में था ₹2 लाख का विवाद, एक घायल, अस्पताल में भर्ती – Mansa News
मानसा के स्थानीय संधू आश्रम रोड पर शनिवार को एक प्लॉट के मालिकाना हक और पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि एक पक्ष ने सरेआम गोलियां चला दीं, जिससे वहां मौजूद एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तुरंत मानसा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में उपचाराधीन घायल गुरजीत सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उसके दोस्त सैंबर सिंह का अपनी ही बुआ के लड़के के साथ एक प्लॉट को लेकर करीब दो लाख रुपये का पुराना विवाद चल रहा था। दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार (मामा-बुआ के बेटे) हैं और प्रॉपर्टी का काम करते हैं। गुरजीत के अनुसार, शनिवार को दोनों पक्ष इस विवाद को सुलझाने और आपसी समझौता करने के उद्देश्य से एक जगह एकत्रित हुए थे। लेकिन बातचीत के दौरान ही माहौल बिगड़ गया और दूसरे पक्ष ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान चली गोली के छर्रे गुरजीत सिंह के पैर में जा लगे, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। डॉक्टर और पुलिस का बयान सिविल अस्पताल मानसा के डॉक्टर विकास ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पैर में गोली के छर्रे लगने के कारण एक घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उसका उपचार शुरू कर दिया है। नियमानुसार इस मामले से जुड़ी एमएलआर (मेडिकल लीगल रिपोर्ट) तैयार कर स्थानीय पुलिस को भेज दी जाएगी।” वहीं, थाना सिटी-1 के प्रभारी सुखजीत सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला मामा और बुआ के बेटों के बीच पैसों के लेन-देन और प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा पाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Source link

