मानसा में पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश: वारदात में प्रेमी भी शामिल, पुलिस का दावा- 24 घंटे में केस सुलझा, 3 आरोपी गिरफ्तार – Mansa News
मानसा पुलिस ने कोट धर्मू गांव में हुए तरसेम सिंह हत्याकांड को 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में मृतक की पत्नी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। SSP ने बताया कि 26 जून को तरसेम सिंह की उसके घर में गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में मृतक की पत्नी ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच के दौरान मृतक के भाई के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह सामने आया कि मृतक की पत्नी जगमीत कौर के मृतक के मामा के बेटे दीप सिंह उर्फ कालू के साथ कथित अवैध संबंध थे। पुलिस बोली- दीप सिंह काम सीखने आया था पुलिस के अनुसार, दीप सिंह लगभग सवा साल पहले काम सीखने के लिए तरसेम सिंह के घर आया था, इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गए। पुलिस का दावा है कि इन कथित संबंधों के चलते तरसेम सिंह को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची गई। जांच में यह भी पता चला कि घटना वाली रात मृतक की पत्नी अपने बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। इसके बाद दीप सिंह अपने साथी गोबिंद सिंह के साथ दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ और कथित तौर पर परने (कपड़े) से तरसेम सिंह का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने जगमीत कौर, दीप सिंह उर्फ कालू और गोबिंद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि हत्या में इस्तेमाल किया गया परना, मोटरसाइकिल और अन्य साक्ष्य बरामद किए जा सकें।
Source link

