तरनतारन में एएसआई ने गोली मारकर की आत्महत्या: लगातार दूसरी घटना से पुलिस महकमे में शोक – Amritsar News

तरनतारन में एएसआई ने गोली मारकर की आत्महत्या:  लगातार दूसरी घटना से पुलिस महकमे में शोक – Amritsar News




पंजाब के तरनतारन जिले के विधानसभा क्षेत्र पट्टी के गांव कैरो स्थित पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई अमरजीत सिंह ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर है। मृतक की पहचान अमृतसर निवासी एएसआई अमरजीत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह पिछले करीब चार महीनों से कैरो पुलिस चौकी में प्रभारी के तौर पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि बीती देर शाम को नाकाबंदी की ड्यूटी पूरी करने के बाद उन्होंने अन्य कर्मचारियों के साथ भोजन किया और रात करीब साढ़े नौ बजे अपने सरकारी क्वार्टर में आराम करने चले गए। कुछ देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो एएसआई अमरजीत सिंह खून से लथपथ पड़े थे और उनके पास सर्विस पिस्टल पड़ी थी। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी रविशेर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से पड़ताल की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि, कुछ सूत्रों का दावा है कि स्टाफ की कमी और कार्यभार को लेकर एएसआई अमरजीत सिंह कई बार अपना तबादला करवाने की मांग अधिकारियों से कर चुके थे। पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही पट्टी अदालत परिसर में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक अन्य एएसआई गुरमीत सिंह ने भी खुद को गोली मार ली थी, जिनकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने पुलिस महकमे में चिंता बढ़ा दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *