30 हजार रुपए महीना देकर बिना टोल दिए असंख्य बार टिप्पर निकालने का आरोप, पुलिस को दी शिकायत – Ludhiana News
.
शहर के नेशनल हाईवे पर स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा एक बार फिर बड़े विवादों के घेरे में है। इस बार मामला किसी आम विवाद का नहीं, बल्कि टोल कर्मचारियों की मिलीभगत से चल रहे एक सुनियोजित मंथली वसूली रैकेट का है। आरोप है कि टोल कर्मी प्रति टिप्पर 30 हजार रुपए महीना लेकर बिना टोल टैक्स चुकाए रेत-बजरी के वाहनों को निकाल रहे हैं, जिससे टोल कंपनी और सरकार को हर दिन लाखों रुपए का चूना लग रहा है। इस संबंध में थाना लाडोवाल में पुख्ता सबूतों के साथ लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई है।
शिकायतकर्ता रशपाल सिंह बाली रंधावा (निवासी: डेयरी कॉम्प्लेक्स, पीएयू) ने टोल प्लाजा पर चल रहे इस काले धंधे की परतें खोलीं। नियमानुसार यदि कोई रेत या बजरी से भरा टिप्पर टोल प्लाजा से निकलता है, तो उसे एक फेरे का करीब 3,000 रुपए टोल शुल्क देना पड़ता है। लेकिन टिप्पर चालकों ने टोल कर्मचारियों के साथ बैकडोर सेटिंग कर रखी है। वे प्रति टिप्पर 30,000 रुपए प्रति महीना फिक्स रिश्वत देते हैं।
इसके बाद उनका वाहन जितनी मर्जी बार निकले, कोई टोल नहीं कटता। शिकायतकर्ता रशपाल बाली ने खुलासा किया कि इस अवैध वसूली को पूरी तरह से डिजिटल और पेपरलेस रखा गया है ताकि कोई रिकॉर्ड न बचे जिन टिप्पर चालकों की सेटिंग होती है, वे टोल प्लाजा पर पहुंचने से पहले ही अपने वाहन की नंबर प्लेट की फोटो खींचकर संबंधित टोल कर्मी के वॉट्सएप पर भेज देते हैं। नंबर देखते ही टोल बैरियर खोल दिया जाता है।
टोल पार करने के बाद टिप्पर चालक कर्मचारी के गूगल-पे नंबर या भेजे गए क्यूआर कोड पर पैसे ट्रांसफर कर उसका स्क्रीनशॉट भेज देता है। इस काली कमाई का कोई सरकारी दस्तावेज या रसीद नहीं होती। बाली ने साफ कहा कि उनके पास इस पूरे लेन-देन और वॉट्सएप चैट के पुख्ता डिजिटल प्रमाण मौजूद हैं, जो पुलिस को सौंपे जा रहे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस पूरे गोरखधंधे में टोल प्लाजा के कई सुरक्षाकर्मी और केबिन स्टाफ सीधे तौर पर शामिल हैं। लाडोवाल थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
टोल मैनेजर दपिंदर ने बताया कि शिकायतकर्ता ने धक्के से 3 से 4 टिपर निकाले है जब उनसे पैसे वसूले गए तभी वो शिकायत कर रहे है। उन्होंने बताया की अगर कोई कर्मचारी ऐसे पैसे ले रहा है तो हमे प्रूफ दिखाएं हम उसके खिलाफ करवाई करेंगे। मैनेजर दपिंदर।

