फरीदकोट में CM मान के दौरे की तैयारियां परखी गईं: 28 जून को लोक मिलनी, स्पीकर संधवां ने अधिकारियों संग की बैठक – Faridkot News
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के 28 जून को फरीदकोट के कोटकपूरा विधानसभा क्षेत्र के गांव चंदबाजा में दौरे को लेकर पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पहुंचकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विशेष बैठक की और तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान डीसी राहुल चाबा भी उनके साथ मौजूद रहे। बैठक के दौरान स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान 28 जून को गांव चंदबाजा की चौपाल में ग्रामीणों के साथ लोक मिलनी करेंगे। इससे पहले गांव की दाना मंडी में मुख्यमंत्री पिंड जिम योजना के तहत पंजाब के 500 गांवों में नए जिमों की शुरुआत करेंगे। डीसी राहुल चाबा ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियों के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं, ताकि कार्यक्रम का सफल आयोजन किया जा सके। इस अवसर पर एडीसी (जनरल) केशव गोयल, एडीसी (विकास) संदीप मल्होत्रा, एसडीएम फरीदकोट पुनीत शर्मा, एसडीएम कोटकपूरा राजिंदर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाए-स्पीकर संधवां इस मौके पर स्पीकर संधवां ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
Source link

