लुधियाना में दो पक्षों में खूनी झड़प: तलवारें-कृपाणें चलीं, ईंट-पत्थर बरसे; कई घायल, वारदात CCTV में कैद – Khanna News

लुधियाना में दो पक्षों में खूनी झड़प:  तलवारें-कृपाणें चलीं, ईंट-पत्थर बरसे; कई घायल, वारदात CCTV में कैद – Khanna News




लुधियाना के समराला में चंडीगढ़ रोड पर दो पक्षों के बीच हुई झड़प में तलवारों, कृपाणों और ईंट-पत्थरों का इस्तेमाल किया गया। बाजीगर बस्ती में हुई इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जिसकी पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पहले पक्ष के जोगिंदर सिंह भोला ने आरोप लगाया कि देर बीते रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच 15 से 20 युवक तीन गाड़ियों में उनके घर पहुंचे। उन्होंने आते ही पथराव शुरू कर दिया और घर के बाहर खड़ी तीन कारों, एक मोटरसाइकिल, फ्रिज तथा कूलर को क्षतिग्रस्त कर दिया। भोला के अनुसार, हमलावर नशे की हालत में थे। हमले के दौरान परिवार में अफरा-तफरी मच गई और घर में मौजूद सात माह की गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाना पड़ा। परिजन बोले- हमलावरों ने दरवाजे तोड़ने की कोशिश की परिजनों ने बताया कि हमलावरों ने घर के दरवाजे तोड़ने की कोशिश की और जान से मारने की धमकियां भी दीं। इस घटना में करनैल सिंह के पैर में गंभीर चोट लगी है। उन्होंने कहा कि उनका विवाद से सीधा संबंध नहीं था। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विरोधी पक्ष नशा बेचने के धंधे से जुड़ा हुआ है और रोकने पर रंजिश रखता है। इस झड़प में उनके पक्ष के भी कई लोग घायल हुए हैं। डीएसपी करमजीत सिंह ग्रेवाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि करनैल सिंह और जोगिंदर सिंह एक पक्ष से, जबकि वजीर सिंह और उसका भाई दूसरे पक्ष से संबंधित हैं। दोनों परिवार आमने-सामने रहते हैं। कुछ दिन पहले गली में वाहन खड़ा करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसका समझौता भी हो गया था। हालांकि, बीती रात यह विवाद फिर भड़क गया। डीएसपी ने बताया कि करनैल सिंह पक्ष का एक व्यक्ति और वजीर सिंह पक्ष के तीन सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *