फरीदकोट मॉडर्न जेल में लाइब्रेरी-रेडियो सेवा शुरू: स्पीकर-मंत्री डॉ. रवजोत ने किया उदघाटन; कैदियों के पुनर्वास को मिलेगा बढ़ावा – Faridkot News
फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में वीरवार को पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने नवनिर्मित लाइब्रेरी और रेडियो उजाला आंतरिक चैनल का उदघाटन किया। इस अवसर पर विधायक गुरदित्त सिंह सेखों, डीआईजी जेल सुरिंदर सिंह मंड और डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा भी मौजूद रहे। स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी सोच के तहत पंजाब की जेलों में कैदियों के जीवन में सुधार लाने और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने हेतु कई सकारात्मक पहलें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी और रेडियो जैसी सुविधाएं कैदियों को शिक्षा, ज्ञान और मनोरंजन प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कैदियों से इन सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने और जेल से बाहर निकलने के बाद नई शुरुआत करने का आह्वान किया। जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि जेलों को केवल सजा देने का स्थान नहीं, बल्कि सुधार गृह के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैदियों को यहां अपने जीवन पर पुनर्विचार करने और स्वयं में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर मिलता है। रेडियो उजाला और लाइब्रेरी का उद्देश्य कैदियों को प्रेरित करना और उन्हें समाज में पुनः स्थापित होने के लिए तैयार करना है। कैदियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया इस अवसर पर कैदियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए मालवाई गिद्धा और पंजाबी गीतों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कैदियों ने रेडियो और लाइब्रेरी जैसी नई सुविधाओं का स्वागत करते हुए इनके भरपूर उपयोग का भरोसा भी दिया। कार्यक्रम से पहले जेल मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। जेल मंत्री ने कैदियों व हवालातियों की मुश्किलें भी सुनी इस दौरान डॉ. रवजोत सिंह ने जेल में बंद कैदियों और हवालातियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने जेल परिसर का निरीक्षण भी किया और कैदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच करते हुए स्वयं भोजन चखा, जिसे संतोषजनक पाया गया।
Source link

