पठानकोट पुलिस ने 262 ग्राम अफीम पकड़ी: महिला सहित 2 गिरफ्तार, पुलिस को देख कार भगाने का किया प्रयास – Pathankot News
पठानकोट के थाना सुजानपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सफलता हासिल की है। सुजानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस पार्टी ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से भारी मात्रा में अफीम बरामद कर एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान विवेक भारद्वाज निवासी गांधी नगर, जम्मू, हाल निवासी फूल प्यारा, सुजानपुर और अनीता कुमारी उर्फ बेबी निवासी फूल प्यारा के तौर पर हुई। पुलिस जांच में सामने आया है कि अनीता देवी के खिलाफ पहले भी एक्साइज एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। दूसरे आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
कार भगाने का किया प्रयास
जानकारी के अनुसार, एएसआई बोध राज पुलिस पार्टी के साथ सरकारी गाड़ी में सवार होकर क्राइस्ट द् किंग स्कूल सुजानपुर के पास नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सुजानपुर की ओर से आ रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार नंबर पीबी10डीएल0828 को जब एएसआई बोध राज ने रुकने का इशारा किया, तो कार चालक ने गाड़ी को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया।
6 लिफाफों में भरी थी अफीम
मुस्तैद पुलिस पार्टी ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर कार को काबू कर लिया। एएसआई बोध राज ने दोनों आरोपियों की लिखित सहमति के बाद जब कार की गहनता से तलाशी ली, तो कार के डैशबोर्ड से एक काले रंग का लिफाफा बरामद हुआ। इस लिफाफे को खोलने पर उसके अंदर 6 छोटे लिफाफे मिले, जिनमें अफीम भरी हुई थी। पुलिस टीम ने तुरंत ‘तफ्तीशी किट’ के जरिए पदार्थ का परीक्षण किया, जिसमें अफीम होने की पुष्टि हुई। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर वजन करने पर लिफाफे समेत अफीम का कुल वजन 262 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पठानकोट पुलिस ने नशीला पदार्थ और कार को अपने कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद अफीम की सप्लाई चेन, इसके स्रोत और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नशे के कारोबार के खिलाफ प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Source link

