बरनाला में कर्मचारियों-पेंशनरों का प्रदर्शन: बकाया DA, पुरानी पेंशन की मांग, 17 जुलाई को मोहाली कूच का ऐलान – Barnala News
बरनाला जिला में खजाना कार्यालय के सामने सांझा मुलाजिम मंच और पंजाब मुलाजिम व पेंशनर्स फ्रंट ने विशाल धरना प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की विभिन्न मांगों को लेकर डीसी कॉम्प्लेक्स स्थित जिला खजाना कार्यालय के सामने आयोजित हुआ। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सरकार से महंगाई भत्ते की 18 प्रतिशत बकाया किस्तें तुरंत जारी करने, एसीपी भत्ता लागू करने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने 17 जुलाई 2020 के पत्र के जरिए पंजाब के कर्मचारियों पर लागू किए गए केंद्रीय वेतन आयोग को रद्द करने और प्रोबेशन पीरियड में बढ़ोतरी से जुड़े 15 जनवरी 2015 के पत्र को वापस लेने की भी पुरजोर मांग की। प्रदर्शकारी बोले- हक मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष इस विरोध प्रदर्शन का संयुक्त नेतृत्व मनोहर लाल, मोहन सिंह छन्ना, राजीव कुमार, तरसेम भट्ठल, दर्शन चीमा, जगराज रामा और गमदूर सिंह ने किया। कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह उनके बड़े आंदोलन की शुरुआत है और हक मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने 1 जुलाई से 10 जुलाई तक आम आदमी पार्टी के मंत्रियों के आवासों का घेराव करने की घोषणा की। इसी कड़ी में, 30 जून को एक बैठक के बाद सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर के आवास का घेराव करने और उन्हें चेतावनी पत्र सौंपने का ऐलान किया जाएगा। इसके बाद, 17 जुलाई को पंजाब भर से लाखों कर्मचारी और पेंशनभोगी मोहाली की ओर कूच करेंगे, जिसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। इस अवसर पर करमजीत बीहला, अनिल कुमार, नारायण दत्त, गुरप्रीत रूड़ेके, बलजिंदर प्रभु सहित विभिन्न विभागों और पेंशनर यूनियनों के कई प्रमुख नेता व सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Source link

