मोगा में किसानों का विरोध प्रदर्शन: भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में फूंका मोदी सरकार का पुतला, आंदोलन तेज करने की चेतावनी – Moga News

मोगा में किसानों का विरोध प्रदर्शन:  भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में फूंका मोदी सरकार का पुतला, आंदोलन तेज करने की चेतावनी – Moga News




मोगा में किसान मजदूर मोर्चा के आह्वान पर विभिन्न किसान संगठनों ने भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मोदी सरकार का पुतला फूंका और समझौते को किसान विरोधी बताया। भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी के जिला प्रधान जगमोहन सिंह कंग ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि अमेरिका का एक प्रतिनिधिमंडल भारत सरकार के साथ व्यापारिक समझौते के लिए दिल्ली पहुंच रहा है। उनका आरोप है कि यदि यह समझौता लागू होता है तो अमेरिका से बड़े पैमाने पर कृषि उत्पाद और डेयरी वस्तुएं भारतीय बाजार में आएंगी, जिससे देश के किसानों और दुग्ध उत्पादकों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। कंग ने कहा कि हरित क्रांति के दौरान विदेशी तकनीक, हाइब्रिड बीज और रासायनिक खादों के उपयोग से उत्पादन बढ़ा, लेकिन इससे किसान इन संसाधनों पर निर्भर भी हो गए। समय के साथ इनकी लागत लगातार बढ़ती गई, जबकि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिला। परिणामस्वरूप किसान कर्ज के बोझ तले दबते चले गए। किसान नेता बोले- अमेरिकी उत्पाद कम कीमत पर भारतीय बाजार में पहुंचेंगे किसान नेताओं का कहना है कि नए व्यापार समझौते के तहत अमेरिकी उत्पाद कम कीमत पर भारतीय बाजार में पहुंचेंगे। इससे स्थानीय कृषि और डेयरी क्षेत्र को नुकसान होगा तथा किसानों और उपभोक्ताओं की विदेशी बाजारों पर निर्भरता बढ़ सकती है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इन्हीं चिंताओं को देखते हुए किसान मजदूर मोर्चा ने देशभर में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। मोगा में भी विभिन्न किसान संगठनों और मजदूर यूनियनों के प्रतिनिधि एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन बहिरामके, भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी, भारतीय किसान यूनियन एकता आजाद, किसान मजदूर संघर्ष समिति और क्रांतिकारी ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों के हितों की अनदेखी कर समझौता किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *