कोटकपूरा बाईपास पर स्पीड ब्रेकर बना जानलेवा: संतुलन बिगड़ने से युवक की मौत, एक महीने में पांचवां हादसा – Faridkot News
फरीदकोट जिले के कोटकपूरा शहर के जैतो-बठिंडा बाईपास रोड पर बने स्पीड ब्रेकर के कारण संतुलन बिगड़ने से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कोटकपूरा के द्वारेआणा रोड निवासी रणदीप सिंह (30) पुत्र मनजीत सिंह के रूप में हुई है। इस मामले में थाना सिटी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार एक माह पहले ही बठिंडा-जैतो बाईपास सड़क का नवनिर्माण किया गया था, जिस पर कई स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये स्पीड ब्रेकर वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते, जिसके कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। बुधवार शाम बठिंडा की ओर से जैतो रोड की तरफ आ रहा यह मोटरसाइकिल सवार जब स्पीड ब्रेकर पर पहुंचा तो अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। इस दौरान वह मोटरसाइकिल समेत करीब 10 फीट गहरे खेतों में जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। एक माह में स्पीड ब्रेकर से पांचवां हादसा-प्रत्यक्षदर्शी इस संबंध में बाईपास पर पेट्रोल पंप संचालक वरुण चोपड़ा ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान इलाके में लगी स्ट्रीट लाइटें भी हटा दी गई थीं, जिन्हें अभी तक दोबारा नहीं लगाया गया है। उन्होंने कहा कि इसके कारण रात के समय हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि स्पीड ब्रेकर गलत तरीके से बनाए गए हैं और पिछले एक महीने के दौरान यहां पांच हादसे हो चुके हैं। परिवार के बयान पर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी-एसएचओ इस मामले में थाना सिटी कोटकपूरा के एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयानों के आधार पर बनती कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम फरीदकोट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में करवाने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।
Source link

