अबोहर में 94% अंक लाने वाली छात्रा लापता, थाना घेरा: युवक पर बहलाकर ले जाने का आरोप, एक माह से नहीं सुराग, 24 घंटे का दिया अल्टीमेटम – Abohar News

अबोहर में 94% अंक लाने वाली छात्रा लापता, थाना घेरा:  युवक पर बहलाकर ले जाने का आरोप, एक माह से नहीं सुराग, 24 घंटे का दिया अल्टीमेटम – Abohar News




अबोहर से एक महीने पहले लापता हुई एक साढ़े 17 वर्षीय नाबालिग लड़की का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। 12वीं कक्षा में 94 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली इस मेधावी छात्रा को सीडफार्म निवासी एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पुलिस की धीमी कार्रवाई से नाराज परिजनों, रिश्तेदारों और मोहल्लेवासियों ने आज थाना नंबर-1 में पहुंचकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर रोष जताया। पीड़ित परिवार का सब्र टूटने के बाद आज भारी संख्या में लोग थाने के बाहर इकट्ठा हुए। इस विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक और सामाजिक नेताओं का भी समर्थन मिला, जिसमें श्रीगंगानगर से कांग्रेस की जिला प्रधान व पार्षद कमला रानी, यूथ कांग्रेस के महासचिव अजय कुमार और अबोहर के पार्षद विजय छाबड़ा सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। परिजनों ने पुलिस को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि अगले 24 घंटों के भीतर उनकी बेटी को बरामद नहीं किया गया, तो वे तीखा आंदोलन शुरू करेंगे। लड़के की मां गिरफ्तार, तीन राज्यों में छापेमारी मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मुख्य आरोपी युवक ओमकार, उसकी मां कृष्णा, नाना नंद सिंह और भाई गग्गू के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा चुका है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लड़के की मां कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया था, जो फिलहाल अदालत के आदेश पर जेल में है। इसके अलावा, पुलिस टीम पिछले 10 दिनों में आरोपियों की तलाश में आसपास के तीन राज्यों में भी छापेमारी कर चुकी है। तकनीकी माध्यमों से तलाश जारी थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस इस मामले को लेकर बेहद गंभीर है और हर प्रकार के तकनीकी माध्यमों (जैसे मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स) की मदद से दोनों का पता लगाने में जुटी है। उन्होंने बताया कि आज भी परिजनों ने लड़के के किसी अन्य रिश्तेदार के ठिकाने के बारे में जानकारी दी है, जहां उनके ठहरने का शक है। पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत उस जगह पर भी छापेमारी करने जा रही है और जल्द ही लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *