लुधियाना में थाने के सामने युवक पर हमला: राजीनामे के बहाने बुलाया, सिर पर किए वार; जान से मारने की धमकियां दीं – Ludhiana News
लुधियाना के लाडोवाल इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए लाडोवाल थाने के ठीक सामने स्थित पेट्रोल पंप को चुना। गंभीर रूप से घायल युवक को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस ने 3 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता प्रिंस (23), जो एक फैक्ट्री में काम करता है, की आरोपियों के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी विवाद को सुलझाने और आपसी समझौते (राजीनामा) के बहाने आरोपियों ने उसे फोन कर बुलाया। प्रिंस इस उम्मीद में मौके पर पहुंचा कि पुराना विवाद खत्म हो जाएगा, लेकिन वहां पहुंचते ही आरोपियों ने उससे बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते उस पर हमला कर दिया। पुलिस स्टेशन के सामने घेरा, सिर पर किए सीधे वार हमलावरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने लाडोवाल थाने के बिल्कुल सामने पेट्रोल पंप पर प्रिंस को चारों तरफ से घेर लिया। आरोपियों ने मिलीभगत कर प्रिंस को गंदी गालियां दीं और बेरहमी से पीटते हुए उसके सिर पर वार कर दिए। प्रिंस लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस कार्रवाई और नामजद आरोपी लाडोवाल पुलिस के जांच अधिकारी ASI मेजर सिंह ने बताया कि पीड़ित प्रिंस के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इसमें लव, गगनदीप उर्फ गोगू और डमरू, जो सभी गांव लाडोवाल के निवासी हैं, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 117(2), 118(1), 126(2), 304(2), 351(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
Source link

