जालंधर के फिल्लौर में विजिलेंस का एक्शन: नशे के आरोपी के परिवार से बीस हजार रुपये रिश्वत लेती सब-इंस्पेक्टर थाने के अंदर रंगे हाथ गिरफ्तार – Jalandhar News
जालंधर के फिल्लौर में विजिलेंस टीम ने पुलिस थाने में तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर अमनदीप कौर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। खेल कोटे से पुलिस में भर्ती हुई महिला अधिकारी पर आरोप है कि उसने नशे के मामले में पकड़े गए एक आरोपी की मोटरसाइकिल और मोबाइल वापस करने तथा कोर्ट से जल्दी जमानत दिलाने की एवज में यह रिश्वत मांगी थी। विजिलेंस की टीम ने महिला सब-इंस्पेक्टर को थाने के अंदर उसके ही दफ्तर में जाल बिछाकर दबोचा। नशा तस्करी के मामले में आरोपी हुआ था गिरफ्तार जानकारी के अनुसार, फिल्लौर पुलिस ने कुछ दिन पहले नशा तस्करी के मामले में भगोड़ा चल रहे आरोपी हैपी (निवासी मोहल्ला चौधरियां, फिल्लौर) को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने हैपी के पास से 100 से अधिक नशीली गोलियां बरामद की थीं। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी एक मोटरसाइकिल पर सवार था और उसकी जेब से एक मोबाइल फोन भी मिला था। सामान लौटाने के बदले मांगी ₹25 हजार की रिश्वत बेटे की गिरफ्तारी के बाद उसकी मां राज रानी फिल्लौर पुलिस थाने पहुंचीं। उन्होंने सब-इनस्पेक्टर अमनदीप कौर से गुहार लगाई कि उनके बेटे को तो जेल भेज दिया गया है, लेकिन उसका मोबाइल और मोटरसाइकिल उन्हें वापस सौंप दी जाए क्योंकि इन्हें केस की एफआईआर (मुकदमे) में शामिल नहीं किया गया था। आरोप है कि इसके बदले में सब-इंस्पेक्टर ने 25 हजार रुपये की मांग की। 20 हजार रुपए में तय हुआ सौदा राज रानी ने महिला पुलिस अधिकारी को 1,000 रुपये एडवांस देते हुए पूरा मामला 20 हजार रुपये में निपटाने की बात कही, जिस पर अमनदीप कौर राजी हो गई। सब-इंस्पेक्टर ने भरोसा दिया कि पैसे मिलने के बाद वह न सिर्फ सामान लौटा देगी, बल्कि कोर्ट से आरोपी लड़के की जल्द जमानत करवाने में भी मदद करेगी। बार-बार फोन आने से परेशान होकर विजिलेंस से की शिकायत पीड़ित महिला राज रानी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि सब-इंस्पेक्टर अमनदीप कौर रिश्वत के पैसों के लिए उन्हें दिन में कई-कई बार फोन कर रही थी। महिला अधिकारी के इस रवैये से परेशान होकर राज रानी ने इसकी शिकायत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के उच्च अधिकारियों से कर दी। विजिलेंस टीम ने थाने के अंदर ही दबोचा शिकायत के बाद डीएसपी अशोक कुमार के नेतृत्व में विजिलेंस की टीम ने फिल्लौर थाने के बाहर अपना जाल (ट्रैप) बिछाया। जैसे ही राज रानी ने थाने के अंदर जाकर महिला सब-इंस्पेक्टर अमनदीप कौर को केमिकल लगे 20 हजार रुपये थमाए, वैसे ही विजिलेंस की टीम ने उसे दफ्तर के अंदर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस विभाग मामले कीआगे की कानूनी कार्रवाई में जुटा है।
Source link

