चंडीगढ़-पंजाब में आज 45 मिनट योग के नाम: सेक्टर-17 में स्टेट लेवल कार्यक्रम, सुखना लेक पर उमड़ी भीड़;प्रशासक कटारिया रहे मुख्य अतिथि – Chandigarh News

चंडीगढ़-पंजाब में आज 45 मिनट योग के नाम:  सेक्टर-17 में स्टेट लेवल कार्यक्रम, सुखना लेक पर उमड़ी भीड़;प्रशासक कटारिया रहे मुख्य अतिथि – Chandigarh News




12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को चंडीगढ़ और पंजाब पूरी तरह योगमय नजर आए। शहर के पार्कों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर सुबह से ही योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। चंडीगढ़ प्रशासन ने कार्यक्रम स्थलों तक लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, सरकारी कर्मचारियों और योग प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सेक्टर-17 के तिरंगा पार्क में राज्य स्तरीय आयोजन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। इसके बाद करीब 45 मिनट तक कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया गया, जिसमें लगभग 3,500 लोगों ने हिस्सा लिया। सुखना लेक पर सुबह से लगा योग का मेला सुखना लेक पर आयुष मंत्रालय, नेशनल आयुष मिशन और चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 5:30 बजे शुरू हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में योग साधकों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। शहरभर में हुए विशेष आयोजन सेक्टर-44 के पार्क में ‘कर्तव्यनिष्ठ’ संस्था की ओर से योग शिविर लगाया गया, जिसमें 100 से अधिक लोगों ने भाग लिया। सेक्टर-33 स्थित टेरेस गार्डन में ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में करीब 1,300 लोगों ने एक साथ योग किया। पंजाब यूनिवर्सिटी में विशेष योग सत्र आयोजित किए गए, जबकि सेक्टर-24 स्थित योगाभ्यास योगशाला और रामदरबार पार्क में भी सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। योग के सहारे कैंसर को दी मात योग दिवस के मौके पर पीजीआई की लैब टेक्निशियन मोलाया भल्ला की प्रेरणादायक कहानी भी चर्चा में रही। वर्ष 2021 में मेटास्टैटिक ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित होने के बाद उन्होंने योग, संतुलित आहार और सकारात्मक सोच के सहारे बीमारी से संघर्ष किया। उन्होंने चेयर योग से शुरुआत की और नियमित अभ्यास के दम पर स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हासिल किया। विशेषज्ञों का मानना है कि योग मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पीजीआई में 4 हजार लोगों ने किया सामूहिक योग पीजीआई में इस बार करीब 4,000 डॉक्टरों, फैकल्टी सदस्यों और स्वास्थ्य कर्मियों ने एक साथ योगाभ्यास किया। कार्डियक सेंटर के पास स्थित स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान योग को बढ़ावा देने वाले कई विशेषज्ञों और डॉक्टरों को सम्मानित भी किया गया। योग अनुशासित जीवनशैली का विज्ञान: विशेषज्ञ योग विशेषज्ञ और राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. विनोद शास्त्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित आहार, प्राणायाम, ध्यान और अनुशासित जीवनशैली का समग्र विज्ञान है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और सामाजिक दूरी के दौर में योग मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी बन गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *