इंग्लैंड भेजने के नाम पर 7.80 लाख की ठगी: दिल्ली एयरपोर्ट पर जाली निकली टिकटें, होशियारपुर में महिला समेत दो नामजद – Hoshiarpur News
होशियारपुर में परिवार को इंग्लैंड भेजने के नाम पर 7.80 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। थाना माहिलपुर पुलिस ने इस संबंध में एक महिला सहित दो आरोपियों को नामजद किया है। पीड़ित परिवार को इंग्लैंड की जाली टिकटें थमाई गईं, जिनका खुलासा दिल्ली एयरपोर्ट पर हुआ। शिकायतकर्ता जुझार सिंह पुत्र गुरदेव सिंह निवासी नंगल खुर्द, गढ़शंकर के अनुसार, उनके साढू का परिवार इंग्लैंड में बसना चाहता था। इसके लिए मलेरकोटला के एक एजेंट से पूरे परिवार का फैमिली वीजा लगवाया गया था। पीड़ित ने बताया कि इंग्लैंड की टिकटें आरोपी अजैब सिंह पुत्र काबुल सिंह निवासी पंजोड़ा, मेहटियाना और बेबी पत्नी मोहन लाल निवासी पुरहीरां, होशियारपुर से करवाई गई थीं। तय तारीख पर पूरा परिवार दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ। एयरपोर्ट पर जाली निकली टिकट दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर जब टिकटों की जांच की गई, तो एयरपोर्ट स्टाफ ने उन्हें जाली बताया। इसके बाद परिवार को बैरंग वापस लौटना पड़ा। आरोपियों ने बाद में उन्हें मुंबई एयरपोर्ट का बहाना बनाकर वहां भी भेजा, लेकिन वहां भी टिकटें जाली निकलीं। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने पहले तो सहमति जताई, लेकिन बाद में मुकर गए। जुझार सिंह ने बताया कि आरोपियों ने एक अन्य महिला साथी मनजीत कौर का भी जिक्र किया है, जो होशियारपुर की आकाश कॉलोनी में रहती है। जुझार सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link

