पंजाब खाद्य आयोग सदस्य ने राशन डिपुओं का किया निरीक्षण: पठानकोट में खाद्य सुरक्षा का लिया जायजा; लाभार्थियों से बातचीत कर लिया फीडबैक – Pathankot News
पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य विजय दत्त ने आज अपने 2 दिवसीय पठानकोट दौरे के दौरान जिले के विभिन्न सरकारी राशन डिपुओं का निरीक्षण किया। उन्होंने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत लाभार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, दत्त ने ब्लॉक धार के गांव जंडवाल, भटवां, सार्टी और दुनेरा स्थित राशन डिपुओं का दौरा किया। उन्होंने राशन वितरण रिकॉर्ड और ई-पॉस मशीनों की कार्यप्रणाली की जांच की। साथ ही, लाभार्थियों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी भी प्राप्त की। विजय दत्त ने बताया कि पंजाब राज्य खाद्य आयोग का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक उसका अधिकार समय पर और बिना किसी भेदभाव के पहुंचाना है। उन्होंने यह भी कहा कि आयोग पूरे प्रदेश में नियमित निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी कर रहा है। राशन डिपो धारकों ने एक महत्वपूर्ण मांग उठाई। उन्होंने बताया कि तीन माह का राशन वितरित करते समय ई-पॉस मशीन से प्रत्येक माह की अलग-अलग पर्ची निकालनी पड़ती है, जिससे समय बर्बाद होता है और तकनीकी दिक्कतें आती हैं। डिपो धारकों ने एक ही पर्ची में तीन माह के राशन का विवरण उपलब्ध करवाने की मांग की। विजय दत्त ने डिपो धारकों को आश्वस्त किया कि उनकी इस मांग को पंजाब सरकार और संबंधित विभाग के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि आयोग लाभार्थियों के साथ-साथ राशन वितरण प्रणाली से जुड़े कर्मचारियों और डिपो धारकों की समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रतिबद्ध है। राशन वितरण व्यवस्था पर संतोष व्यक्त निरीक्षण के दौरान लाभार्थियों से प्राप्त फीडबैक में अधिकांश लोगों ने राशन वितरण व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया, जबकि कुछ लोगों ने स्थानीय समस्याएं और सुझाव आयोग के समक्ष रखे। विजय दत्त ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों और सुझावों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) राज ऋषि भी मौजूद रहे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ राशन डिपुओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हेल्पलाइन 98767-64545 पर करें शिकायत विजय दत्त ने कहा कि यदि किसी लाभार्थी को राशन प्राप्त करने में कोई कठिनाई आती है या किसी डिपो पर अनियमितता पाई जाती है तो वह पंजाब राज्य खाद्य आयोग की हेल्पलाइन 98767-64545 पर शिकायत दर्ज करवा सकता है। आयोग द्वारा प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
Source link

