22 जून तक टेलीग्राम बैन, नीट री-एग्जाम के चलते फैसला: मैसेज एडिट फीचर भी 30 जून तक बंद; 21 जून को होगी परीक्षा
- Hindi News
- National
- NEET Exam: Telegram India Ban Till June 22; Edit Feature Down Till June 30
नई दिल्लीकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
भारत सरकार ने NEET-UG की दोबारा परीक्षा को लेकर भारत में टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप के इस्तेमाल पर अस्थायी रोक लगाने का आदेश जारी किया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मंगलवार को प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी।
NTA ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी कानून, 2000 की धारा 69A के तहत टेलीग्राम पर रोक लगाई है। यह रोक 22 जून 2026 तक लागू रहेगी।
नीट री-एग्जाम 21 जून को होगी। सरकार ने एग्जाम के बाद भी टेलीग्राम को अपना मैसेज एडिट फीचर 30 जून तक बंद रखने का निर्देश दिया है। यानी टेलीग्राम पर भारत में पहले से भेजे गए मैसेजों 30 जून तक एडिट नहीं हो पाएंगे।
NTA के मुताबिक, कुछ लोग टेलीग्राम का इस्तेमाल परीक्षाओं में पेपर लीक होने के फर्जी सबूत बनाने के लिए करते रहे हैं। ऐसे मामलों को रोकने और परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
NTA की प्रेस रिलीज की 10 बड़ी बातें
- 21 जून को होने वाले NEET-UG री-एग्जाम से पहले भारत में टेलीग्राम की पहुंच 22 जून तक सीमित रहेगी।
- टेलीग्राम का मैसेज एडिट फीचर 30 जून तक बंद रहेगा। NTA का कहना है कि इसका इस्तेमाल पेपर लीक के फर्जी सबूत बनाने में किया जा रहा था।एजेंसी के मुताबिक, कुछ लोग पुराने मैसेज एडिट कर उनमें प्रश्नपत्र या PDF जोड़ देते थे। बाद में दावा किया जाता था कि यह पेपर परीक्षा से पहले लीक हुआ था।
- NTA ने कहा कि टेलीग्राम पर कार्रवाई आखिरी विकल्प के तौर पर की गई। इससे पहले आपत्तिजनक कंटेंट हटाने समेत कई कदम उठाए गए थे।
- टेलीग्राम पर “Paper Leaked NEET”, “Re-NEET 2026”, “Private Mafia” और “REE NEET MAFIAA” जैसे नामों से चैनल चल रहे थे।
- इन चैनलों पर छात्रों और अभिभावकों से पेपर दिलाने के नाम पर हजारों से लेकर लाखों रुपए तक मांगे जा रहे थे।
- भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने बिहार, गुजरात और राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर कई टेलीग्राम चैनलों, ग्रुप और बॉट्स पर कार्रवाई की है।
- अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जांच में 8 टेलीग्राम चैनल, करीब 1.5 करोड़ रुपए के लेनदेन और लगभग 1,000 मोबाइल नंबर सामने आए हैं।
- NTA ने माना कि टेलीग्राम पर रोक से आम यूजर्स को दिक्कत हो सकती है। हालांकि यह रोक सिर्फ 22 जून तक रहेगी। मैसेज एडिट फीचर बंद होने से सामान्य चैटिंग और मैसेज भेजने-प्राप्त करने पर असर नहीं पड़ेगा।
- एजेंसी ने छात्रों से कहा है कि सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा न करें। परीक्षा से जुड़ी जानकारी सिर्फ neet.nta.nic.in और NTA के आधिकारिक हैंडल से ही लें।
21 जून को री-एग्जाम, 3:15 घंटे का होगा
NEET UG 2026 इस साल पेपर लीक के चलते रद्द कर दिया गया था। री-एग्जाम अब 21 जून को आयोजित किया जाना है जिसे लेकर नए बदलाव किए गए हैं।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने NEET UG री-एग्जाम में कुछ बदलाव किए हैं। नए नोटिस के तहत, परीक्षा का समय अब 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दिया गया है। इसके अलावा आंसर शीट में रफ वर्क के लिए भी जगह बढ़ाई गई है।


