हरि मंदिर में बाबा बालक नाथ का भंडारा, हवन संपन्न – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर लाडोवाली रोड स्थित श्री हरि मंदिर, प्रीत नगर में बाबा बालक नाथ का विशेष भंडारा और हवन अत्यंत श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्वानों द्वारा विधिवत पूजन संपन्न कराया गया, जिसके उपरांत भक्तों ने हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कीं। अपने प्रवचनों में विद्वानों ने बाबा बालक नाथ के जीवन संदेश को रेखांकित करते हुए कहा कि उनका अवतार सादगी, पवित्रता और अटूट भक्ति का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने समझाया कि हवन में डाली जाने वाली आहुतियां केवल सामग्री का प्रतीक नहीं, बल्कि हमारे भीतर के अहंकार, क्रोध और मोह का त्याग हैं। हृदय की शुद्धि से ही जीवन में वास्तविक आनंद प्राप्त होता है। जय बाबे दी के जयघोषों के बीच भजन-कीर्तन ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। पूर्णाहुति के पश्चात भंडारा लगाया गया। यहां निर्मल सहगल, किरन वर्मा, पं. शुभाशु, नीरू भारद्वाज, कांता शर्मा व राजन यादव मौजूद रहे।
Source link

