सुजानपुर में बारिश के बाद बैराज का सुआ टूटा: मोहल्लों में घुसा लाखों गैलन पानी; लोगों ने लापरवाही बताई – Pathankot News

सुजानपुर में बारिश के बाद बैराज का सुआ टूटा:  मोहल्लों में घुसा लाखों गैलन पानी; लोगों ने लापरवाही बताई – Pathankot News




पठानकोट के हल्का सुजानपुर क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद शाहपुर कंडी बैराज (डैम) के सुए का किनारा टूट गया। इसके चलते रानीपुर मोहल्ला जोगिया में गंभीर जलभराव हो गया। लाखों गैलन पानी रिहायशी इलाके में घुसने से दर्जनों घरों में घुटनों तक पानी भर गया, जबकि जुगियाल-सुजानपुर मुख्य मार्ग भी पूरी तरह जलमग्न हो गया। ग्रामीणों ने इस घटना के लिए शाहपुर कंडी बैराज प्रशासन और संबंधित विभागों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों ने नहीं दिया ध्यान गांव के सरपंच भरत भूषण ने मौके पर पहुंचकर बताया कि जिस स्थान पर आज पानी भरा है, वहां पूरे क्षेत्र का बरसाती पानी एकत्रित होता है। उन्होंने कहा कि पंचायत ने पहले भी कई बार संबंधित विभाग से पानी की निकासी के लिए पुलियां बनाने और स्थायी समाधान की मांग की थी, लेकिन अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। सरपंच ने आरोप लगाया कि विभाग की अनदेखी का परिणाम आज पूरे मोहल्ले को भुगतना पड़ रहा है। रिहायशी क्षेत्र में आया भारी मात्रा में पानी स्थानीय निवासी राज कुमार ने आरोप लगाया कि शाहपुर कंडी बैराज द्वारा बनाए गए सुए का किनारा पक्का न होने के कारण टूट गया। इससे भारी मात्रा में पानी सीधे रिहायशी क्षेत्र में आ गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने पहले भी अधिकारियों को कई बार यहां पक्का निर्माण कराने की चेतावनी दी थी। लेकिन विभाग ने कच्चा कार्य कर छोड़ दिया, जिसकी लापरवाही का खामियाजा आज पूरा क्षेत्र भुगत रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पानी की निकासी का कोई उचित प्रबंध नहीं होने से पूरा इलाका दरिया जैसा दिखाई दे रहा है। मौके पर विभाग की मशीनें खड़ी होने के बावजूद अधिकारियों ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पहले ही यहां सुरक्षा बांध और निकासी की व्यवस्था कर दी जाती तो इतनी बड़ी समस्या पैदा नहीं होती।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *