समराला कौंसिल अध्यक्ष चुनाव के बाद SAD का हंगामा: पार्षद की गिरफ्तारी पर पुलिस वाहन घेरा; MLA बोले-शिअद ने की खरीद-फरोख्त – Khanna News

समराला कौंसिल अध्यक्ष चुनाव के बाद SAD का हंगामा:  पार्षद की गिरफ्तारी पर पुलिस वाहन घेरा; MLA बोले-शिअद ने की खरीद-फरोख्त – Khanna News




समराला नगर कौंसिल के अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए मंगलवार को चुनाव संपन्न हुए। इस दौरान भारी राजनीतिक हंगामा और आरोप-प्रत्यारोप का माहौल रहा। आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार लाला मंगत राय ने 15 में से 9 वोट हासिल कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। डॉ. सिकंदर सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष और कुलदीप कौर उपाध्यक्ष चुनी गईं। मामला तब और गरमा गया जब समराला पुलिस ने वार्ड नंबर 2 से शिरोमणि अकाली दल के पार्षद अमनदीप सिंह राजू को खरीद-फरोख्त मामले में हिरासत में ले लिया। सूचना मिलते ही अकाली दल और भाजपा के दर्जनों समर्थक नगर कौंसिल कार्यालय के बाहर एकत्र हो गए। गाड़ी के आगे लेटकर विरोध प्रदर्शन किया प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की सरकारी गाड़ी को घेर लिया और गाड़ी के आगे लेटकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में, पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत किया और गिरफ्तार पार्षद को अपने साथ ले गए। आप वर्करों ने मनाया जश्न चुनाव परिणाम घोषित होते ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। हालांकि पार्षदों की खरीद-फरोख्त के आरोपों ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया। नगर कौंसिल कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में आप समर्थक एकत्र हुए और जीत का उत्सव मनाया। विधायक जगतार सिंह दयालपुरा और अध्यक्ष लाला मंगत राय ने शहर के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। उन्होंने लंबित सीवरेज परियोजना सहित अन्य समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि जनता ने विकास और पारदर्शिता की राजनीति पर भरोसा जताया है। पार्षदों को नकदी और अन्य प्रलोभन दिए: दयालपुरा चुनाव के बाद विधायक दयालपुरा ने शिरोमणि अकाली दल पर पार्षदों की खरीद-फरोख्त के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि कुछ पार्षदों को नकदी और अन्य प्रलोभन देकर प्रभावित करने की कोशिश की गई, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। दूसरी ओर, अकाली दल के नेताओं ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए राज्य सरकार पर राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *