शराब ठेकों पर नियमों के विरुद्ध 15-15 घंटे काम कर रहे सेल्समैन – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर वाइन-बियर सेल्समैन एवं लेबर वर्कर यूनियन के महासचिव तथा ट्रेड यूनियन समन्वय केंद्र के राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह रवि ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पिछले दिनों न्यूनतम वेतन में की गई बढ़ोतरी जमीनी स्तर पर लागू नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के शराब ठेकेदार आज भी नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए मजदूरों और सेल्समैनों को 6 से 9 हजार रुपए मासिक ही दे रहे हैं। यह राशि सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन से आधी है, जिससे इन कर्मचारियों का गुजारा करना मुश्किल हो गया है। राज्य सरकार ने पिछले 4 वर्षों से शराब के ठेकों को सुबह 9 बजे से लेकर रात 12 बजे तक खुला रखने के फरमान जारी किए हैं। इसके चलते ठेका श्रमिकों से प्रतिदिन 15-15 घंटे काम लिया जा रहा है। कई ठेकेदार पूरे ठेके पर केवल एक ही वर्कर रखते हैं जोकि रात को अंदर ही सोता है। वर्करों से ऐसे काम लेना मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन है। यूनियन ने इस मुद्दे को लेकर लेबर कमिश्नर (श्रम आयुक्त) को एक आधिकारिक पत्र भेजकर ऐसे शराब ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
Source link

