लॉरेंस गैंग के 2 सुपारी किलर एनकाउंटर में ढेर: हरियाणा STF-दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन, 1 पुलिस अफसर भी घायल; हांसी में जिम संचालक की हत्या की थी – Jhajjar News
हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) बहादुरगढ़ और दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने जॉइंट ऑपरेशन में दो सुपारी किलर को ढेर कर दिया। दोनों बदमाशों ने करीब 23 दिन पहले हांसी में जिम संचालक कपिल रेढू (25) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात में एक महिला को भी गोली लगी थी। मर्डर के करीब 5 घंटे बाद लॉरेंस गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर ने पोस्ट डालकर मर्डर की जिम्मेदारी ली थी। दोनों पर एक-एक लाख का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, शनिवार की देर रात रात करीब 1:30 बजे दोनों के बहादुगढ़ क्षेत्र में होने की सूचना मिली, जिसके बाद हरियाणा और दिल्ली पुलिस की टीमों ने उन्हें घेर लिया। खुद को घिरता देख दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरु कर दी। जवाबी कार्रवाई में टीमों ने दोनों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। एक पुलिस अधिकारी को भी गोली लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की पहचान प्रवेश निवासी टिब्बा दानाशेर और हिमांशु निवासी जाखोड़ खेड़ा, जिला हिसार के रूप में हुई है। पुलिस इनका क्रिमिनल रिकॉर्ड खंगाल रही है। पुलिस और बदमाशों के बीच 12-13 राउंड फायरिंग हुई एसटीएफ के एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि बहादुरगढ़ का बालौर बाईपास यह मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों ओर से करीब 12 से 13 राउंड फायरिंग हुई। दोनों बदमाश बहादुरगढ़ में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। बदमाशों की गोलियां चार अन्य पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट से टकराईं, जिससे उनकी जान बच गई। ऐसे हुई थी जिम संचालक की हत्या… एक साल पहले लव मैरिज, युवती परिजनों के पास रह रही जिम संचालक कपिल मूल रूप से जींद के डालमवाला गांव का रहने वाला था। वर्तमान में कपिल हांसी के शांति निकेतन में रह रहा था। कपिल 3 साल से हांसी में RED नाम से एक जिम चला रहा था। कुछ दिन पहले जिम को क्रांतिकारी चौक स्थित चहल मार्बल के पास शिफ्ट किया था। कपिल ने एक साल पहले ही हांसी के गांव बडाला की युवती से लव-मैरिज की थी। युवती अभी अपने परिजनों के पास रह रही थी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी हत्या की जिम्मेदारी पोस्ट में ये लिखा था… हैरी बॉक्सर ने ली मर्डर की जिम्मेदारी: कपिल की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए इस पोस्ट में लिखा गया है- सभी भाइयों को राम-राम। आज ये जो हांसी में कपिल रेड्डू का मर्डर हुआ है, उसकी जिम्मेदारी हैरी बॉक्सर, आरडी धारीवाल, हरमन संधु और विक्रम क्रीडान लेते हैं। ये हमने करवाया है। इसने शेखपुरा और ढाणी पुरिया में जो फायरिंग हुई थी, उसमें ये मेन साजिशकर्ता था और इसने पूरा सहयोग किया था, इसको समझाया भी थी। दो बार हमारे सुंदर भाई हांसी ने। लेकिन इसके समझ में नहीं आया। मौत चौखट पर दस्तक दे रही: जो भी उस फायरिंग में शामिल था, उन सबको मारेंगे। हमें सबका पता है। हमने जिन-जिन को फोन किए हुए हैं, वो टाइम रहते लाइन पर जाओ, वरना अंजाम बहुत बुरा होगा। अगर टाइम रहते लाइन पर नहीं आए तो गोली कभी भी किसी साइड से कहीं से आ सकती है। जो हमारे दुश्मनों के साथ बैठके उनका साथ देंगे अपने आप को शहर का नवाब समझ रहे हों जल्दी ही तुमसे मुलाकात होगी। तुमसे तुम्हारी मौत घर की चौखट पर दस्तक दे रही है। हालांकि दैनिक भास्कर एप इस पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है। वो मामला…जिसका बदला लेने की बात पोस्ट में कही थी गांव ढाणी पुरिया में गोलियां चलाई थी लॉरेंस गैंग की पोस्ट में शेखपुरा और ढाणी पुरिया में फायरिंग केस का भी जिक्र है। 25 फरवरी 2025 को हांसी के गांव शेखपुरा के सरंपच प्रदीप लादी को डराने के लिए फायरिंग हुई थी। अगले दिन गांव ढाणी पुरिया में फायरिंग हुई। इस केस में हांसी एसटीएफ ने एनकाउंटर के बाद कृष्णा कॉलोनी के रवि व इंद्र सैनी को पकड़ा था। उनके कब्जे से 3 देसी पिस्तौल और 5 कारतूस मिले थे। पोस्ट में दावा है कि इन दोनों केस में कपिल रेढू मेन साजिशकर्ता था। हालांकि उस वक्त कपिल का नाम सामने नहीं आया था। कपिल रेढू पर थे हत्या, हत्या प्रयास के केस कपिल रेढू के ऊपर हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और लड़ाई-झगड़े के 4 अलग-अलग थानों में केस दर्ज हैं। कपिल पर 2023 में सदर थाना में पहला केस दर्ज हुआ था। इसके बाद 2024 में भी हांसी सदर थाने में, 2023 में बास थाने में हत्या और 2024 में हिसार के अर्बन एस्टेट थाने में हत्या के प्रयास का केस दर्ज हुआ था। ——————————— ये खबर भी पढ़ें… हरियाणा-जिम संचालक के सुपारी किलर का चेहरा सामने आया:सरपंच एसोसिएशन के प्रधान समेत 4 पर FIR; 5 सेकेंड में 10 गोलियां मारीं हरियाणा के हांसी में गुरुवार सुबह साढ़े 5 बजे जिम संचालक कपिल रेढू (25) की गोली मारकर हत्या करने वालों की तस्वीर सामने आ गई है। इसमें वो बाइक पर भागते हुए सीसीटीवी में कैद हुए। वारदात के वक्त हत्यारे ने टोपी पहनी हुई थी और मुंह ढका था। (पूरी खबर पढ़ें)
Source link

