लुधियाना- VIDEO बनाने पर हमलावरों ने बच्चे को उल्टा लटकाया: जबरन घर में घुसे, विरोध करने पर थप्पड़ मारे; पिता को उठाकर ले गए – Ludhiana News

लुधियाना- VIDEO बनाने पर हमलावरों ने बच्चे को उल्टा लटकाया:  जबरन घर में घुसे, विरोध करने पर थप्पड़ मारे; पिता को उठाकर ले गए – Ludhiana News


8 साल के बच्चे ने चोरी से इन लोगों का वीडियो बनाया।

लुधियाना में दिनदहाड़े घर में घुसे हमलावरों ने 8 साल के बच्चे के साथ मारपीट कर उसे बनेरे से उल्टा लटका दिया। हमलावारों के घर में घुसने पर बच्चा उनका वीडियो बना रहा था। इस पर हमलावरों ने उसे पीटा।

.

इस दौरान बच्चे को बचाने आए उसके पिता को भी हमलावर जबरन अपने साथ ले गए। बाद में बच्चे ने अपनी मां को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।

बच्चे की मां ने तुरंत 112 पर कॉल करके पुलिस को इस संबंध में सूचना दी और वो खुद थाने पहुंच गई। पता चला कि कुछ लोग बच्चे के पिता रिंकू कुमार को एक पुराने मामले में समझौता करवाने के लिए जबरन उठाकर थाने ले गए। बच्चे के पिता रिंकू कुमार का कहना है कि उन्होंने बच्चे से मारपीट करने की शिकायत पुलिस को दी। लेकिन पुलिस ने अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की।

बच्चे के पिता रिंकू मामले की जानकारी देते हुए।

बच्चे के पिता ने क्या-क्या कहा, सिलसिलेवार जानिए…

  • डेढ़ साल से परेशान हूं: बच्चे वासु के पिता रिंकू कुमार ने बताया कि वो पिछले डेढ़ साल से परेशान चल रहे हैं। आजकल भी उनकी तबीयत खराब है। वो दवाई खाकर घर की पहली मंजिल पर सो रहे थे और बच्चा डॉगी के साथ नीचे खेल रहा था। उनकी पत्नी ड्यूटी पर गई थी।
  • हमलावार आए और दरवाजा खटखटाने लगे: रिंकू कुमार ने बताया कि बेटा खेल रहा था तो कुछ लोगों ने गेट खटखटाया। बच्चे ने पूछा कि कौन हो। हमलावरों ने गेट खोलने को कहा तो बच्चे ने गेट खोलने से मना कर दिया।
  • जबरन दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे: रिंकू कुमार ने बताया कि बाहर खड़े लोगों ने गेट खोलने को कहा, लेकिन बच्चे ने मना कर दिया कि “अंकल जी, मैं गेट नहीं खोलूंगा”। उस समय करीब 7-8 लोग थे, जिन्होंने गेट पर जोर-जोर से लातें मारीं और दरवाजा खोलकर जबरन अंदर घुस गए।
  • बच्चे ने छुपकर वीडियो बनाना: रिंकू कुमार ने बताया कि जब उन्होंने जबरन गेट खोला तो बच्चा ऊपर चले गया और उसने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत फोन से चोरी-छिपे वीडियो बनानी शुरू कर दी। हमलावर पहले ऊपर चढ़े और फिर इधर-उधर घूमने लगे।
बच्चा वासु, जिसने हमलावरों का वीडियो बनाया।

बच्चा वासु, जिसने हमलावरों का वीडियो बनाया।

  • पकड़े जाने पर बच्चे की बेरहमी से पिटाई: रिंकू कुमार ने बताया कि जब हमलावरों ने देखा कि बच्चा वीडियो बना रहा है, तो उन्होंने पूछा कि वीडियो क्यों बनाई? बच्चे के मना करने पर उन्होंने उससे फोन छीन लिया। बच्चा जोर-जोर से चिल्लाने लगा, तो उन्होंने उसका मुंह बंद कर दिया, चेहरे पर कई थप्पड़ मारे और मुंह पर पंच (घूंसा) या कुछ और मार दिया, जिससे उसका दांत टूट गया।
  • छत के बनेरे से उल्टा लटकाया: रिंकू कुमार ने बताया कि वह उस वक्त ऊपर वाले हिस्से में सो रहे थे। हमलावरों ने बच्चे को पैरों से पकड़कर उल्टा लटकाया। इससे पहले उन्हाेंने बच्चे का मुंह पकड़ लिया। हमलावरों ने बच्चे को डराते हुए धमकी दी कि अगर उसने अपने पापा को कुछ भी बताया, तो वे अंदर जाकर उसके पापा को भी मार देंगे। उन्होंने कहा कि वे अभी 7-8 लोग हैं और औरों को भी बुला लेंगे।
  • पिता ने बच्चे को छुड़ाया: रिंकू कुमार ने बताया कि जब बाहर से बहुत ज्यादा आवाजें आने लगीं, तो वह उठकर बाहर आए। उन्होंने देखा कि उन 7-8 लोगों ने उनके बेटे को मुंडेर से उल्टा लटकाया हुआ है, जिसके बाद उन्होंने तुरंत अपने बच्चे को उनसे छुड़वाया।
  • 20-30 लोगों को बुलाकर जबरन ले गए: रिंकू ने बताया ति छुड़ाने के बाद वे लोग तुरंत उससे मकान खाली करने को कहने लगे। जब उसने पूछा कि “तुम कौन हो?”, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और सिर्फ मकान खाली करने की बात कहते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने फोन करके 25 से 30 लोगों को और बुला लिया, जिससे घर में पूरा हंगामा होने लगा।
  • जबरन अपने साथ उठाकर ले गए: रिंकू कुमार ने बताया कि हमलावर उसे जबरन उठाकर ले गए। उसने बताया कि आखिर में वो उसे जमालपुर थाने में ले गए और वहां जबरन एक पुराने मामले में समझौता करने का दबाव डालने लगे।
  • बेटे ने किया मां का फोन, पापा को उठाकर ले गए: रिंकू कुमार ने बताया कि हमलावर जब उसे जबरन अपने साथ ले गए तो बेटे ने अपनी मां को फोन किया और कहा कि पापा को कुछ लोग जबरन उठाकर ले गए। उसके बाद उसकी पत्नी ने पुलिस कंट्रोल रूम पर शिकायत दी और थाने पहुंच गई। वह उस समय थाने में था।
  • सीसीटीवी तोड़े और लाइट काट दी: रिंकू कुमार ने बताया कि जब वो थाने से घर आए तो उसने घर आकर चेक किया, तो पता चला कि घर के सीसीटीवी कैमरे टूटे हुए थे और सबूत मिटाने के लिए हमलावर डीवीआर भी गायब कर चुके थे। इसके अलावा आरोपियों ने उनके घर की लाइट (बिजली सप्लाई) भी काट दी थी।
परिवार के मुताबिक हमलावरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए।

परिवार के मुताबिक हमलावरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए।

बच्चे को पीटा, शिकायत दी, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई रिंकू ने बताया कि हमलावरों ने उसके बेटे को बुरी तरीके से पीटा और उसका एक दांत तोड़ दिया। उसने बताया कि जब वो थाने से घर आए तो उसके मुंह से खून निकल रहा था। उसे सिविल असपताल ले जाकर मेडिकल करवाया। तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इस संबंध में सीएम, गवर्नर और डीजीपी को ईमेल के जरिए शिकायत भेज दी है। सोमवार को पुलिस कमिश्नर के सामने भी पेश होंगे।

बच्चे ने वीडियो बनाते कही ये बातें

QuoteImage

नमस्ते अंकल, ये हमको मारने की कोशिश कर रहे हैं। एक बंदा अभी ऊपर भी गया है अंकल जी। ये हमको…(दहशत के मारे यहां बच्चे की बात अधूरी रह जाती है)। इस डंडे से मारने की कोशिश कर रहे हैं। देखो वो डंडा, ये हमको मारने की कोशिश कर रहे हैं। और ये दोनों बंदे भी हैं। और एक ऊपर गया है, अभी दिखाता हूं आपको। ये रहा… ये ऊपर गया था ये। ये हमारा दुश्मन है… ये हमारे घर के अंदर…।

QuoteImage

बच्चे ने जो वीडियो बनाया उसमें क्या-क्या है, जानिए…

  • 00:00-00:10 सेकेंड तक: वीडियो की शुरुआत घर की खुली छत (टेरेस) से होती है। वहां तीन व्यक्ति मुंडेर के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक ने काले रंग की कमीज व खाकी पेंट पहनी है और एक अन्य व्यक्ति पगड़ी में है। फर्श पर पानी बिखरा हुआ नजर आ रहा है। बच्चा रोते और हांफते हुए कैमरे के पीछे से बोलता है कि ये लोग उसे मारने आए हैं। इसी दौरान काले रंग की कमीज वाला व्यक्ति कैमरे की तरफ घूरकर देखता है। बच्चा बहादुरी से कैमरा घुमाकर छत के दूसरे हिस्से और ऊपर जाने वाली लोहे की सीढ़ियों को दिखाता है। फर्श पर पानी और एक साइकिल खड़ी नजर आती है।
  • 00:10-00:20 सेकेंड तक: काले रंग की कमीज वाला शख्स बच्चे के बिल्कुल पास से गुजरता है, लेकिन बच्चा बिना डरे रिकॉर्डिंग जारी रखता है। कैमरा दीवार के सहारे टिके एक लंबे डंडे (लाठी) पर फोकस करता है, जिससे उन्हें डराया जा रहा था। बच्चा फिर मुंडेर पर खड़े दो अन्य आरोपियों को कैमरे में कैद करता है और बताता है कि एक आरोपी ऊपर कमरे की तरफ गया है ।
  • 00:20-00:34 सेकेंड तक: कैमरा वापस सीढ़ियों की तरफ घूमता है, जहां एक अन्य आरोपी (गहरी मैरून कमीज और खाकी पेंट) ऊपर से नीचे उतरता हुआ साफ दिखाई देता है। सीढ़ियों से उतरा हुआ वह व्यक्ति कमरे से घूमकर बाहर आता है और सीधे बच्चे की तरफ देखता है। बच्चा उसकी पहचान ‘दुश्मन’ के रूप में कराता है । बच्चा घबराहट में कैमरा वापस मुंडेर की तरफ करता है, तभी धारीदार कमीज पहने एक और शख्स हाथ में मोबाइल लिए बच्चे के पास से निकलता है और वीडियो समाप्त हो जाता है।
वीडियो में बच्चे ने इसे अपना दुश्मन बतााय।

वीडियो में बच्चे ने इसे अपना दुश्मन बतााय।

मकान को लेकर चल रहा है झगड़ा रिंकू कुमार ने बताया कि जिस मकान में वो रहते हैं इसको लेकर उनका विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर हमलावर उनके घर में घुसे थे। दरअसल उन्हें लगा कि घर पर कोई नहीं है। वो घर पर कब्जा करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि बच्चे की समझदारी की वजह से बचाव हो गया।

जांच शुरू करके सीनियर अफसरों को सूचित कर दिया मामले की जांच कर रहे एएसआई साहिब सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और मामले की जांच की गई है। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम से वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। पुलिस शिकायत के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के बाद बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰

यह खबर भी पढ़ें…

लुधियाना में पड़ोसी ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, बच्ची के पास 50 रुपए मिले

लुधियाना में एक 9 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ पड़ोसी ने दुष्कर्म किया। आरोपी पिछले करीब एक महीने से बच्ची को पैसे का लालच देकर गलत काम कर रहा था। फिलहाल मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *