लुधियाना में ESI अस्पताल की नर्स का मोबाइल झपटा, VIDEO: बाइक पर आए 2 बदमाश, पीछा करने दौड़ी; एक लुटेरे ने खंजर दिखाकर डराया – Ludhiana News
लुधियाना में मोबाइल स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में ईएसआई अस्पताल में ड्यूटी पर जा रही एक युवती से बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात उस समय हुई जब युवती फोन पर बात करते हुए अस्पताल जा रही थी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़िता द्वारा पीछा करने पर आरोपियों ने खंजर दिखाकर धमकाया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। बस स्टेंड से जा रही थी अस्पताल जानकारी के अनुसार मिड्डा नजदीक की रहने वाले उर्मिला ईएसआई अस्पताल में स्टाफ के तौर पर कार्यरत हैं। वह शनिवार सुबह करीब 8 बजे वह रोजाना की तरह बस स्टैंड से पैदल अस्पताल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान वह अपने मोबाइल फोन पर बातचीत कर रही थीं। इसी बीच पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने दिखाया खंजर पीड़िता उर्मिला ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने खंजर निकालकर उन्हें धमकाया। हथियार देखकर युवती रुक गई और आरोपी मौके से भागने में सफल हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने कोचर मार्केट पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई। सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में बाइक सवार बदमाशों की गतिविधियां कैमरों में कैद हुई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link

