लुधियाना में गुंडागर्दी का वीडियो: शराबियों का विरोध करने पर भड़के पड़ोसी के गुंडों ने दुकान में की तोड़फोड़, भट्टी से सिर फोड़ा और गल्ले से लूटे 50 हजार – Ludhiana News

लुधियाना में गुंडागर्दी का वीडियो:  शराबियों का विरोध करने पर भड़के पड़ोसी के गुंडों ने दुकान में की तोड़फोड़, भट्टी से सिर फोड़ा और गल्ले से लूटे 50 हजार – Ludhiana News




लुधियाना के गुरु तेग बहादुर चौक के नजदीक 200 फुटा रोड पर गुंडागर्दी का मामला देखने को मिला। यहां किटी किचन नामक दुकान चलाने वाले भाई-बहन पर पड़ोस के एक दबंग अहाता मालिक ने गुंडों के साथ मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने रेस्टोरेंट में ईंट-पत्थरों और कांच की बोतलों से जमकर तोड़फोड़ की। लोहे की भट्टी उठाकर दुकान मालिक के सिर पर दे मारी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा गल्ले में रखे 40 से 50 हजार रुपये भी लूट लिए गए। लड़की से छेड़छाड़ और खुले में शराब का किया था विरोध किटी किचन की को-ओनर रमनप्रीत कौर और उनके भाई ने बताया कि उनके रेस्टोरेंट के पास ही अरुण (उम्र करीब 65-70 वर्ष) नाम का व्यक्ति बिना लाइसेंस के खुले में लोगों को शराब पिलाने का काम करता है। यहां अक्सर लोग अपनी कारों में बैठकर सरेआम शराब पीते हैं। पीड़ितों के अनुसार शराब पीने आए कुछ हुड़दंगियों ने रमनप्रीत कौर के साथ छेड़छाड़ की थी। जब किटी किचन के मालिकों ने इसका कड़ा विरोध किया और उन्हें वहां शराब पीने से रोका, तो अरुण ने इसे अपनी बेइज्जती मान लिया। दबंग अरुण खुलेआम धमकी देता है कि पूरी मार्केट उसकी है और वह किसी को भी वहां काम नहीं करने देगा। रात के अंधेरे में गुंडों ने बोला धावा इसी रंजिश के चलते 28 की रात अरुण ने गुंडों को किटी किचन पर हमला करने के लिए भेज दिया। हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने आते ही रेस्टोरेंट के अंदर और बाहर कांच की बोतलें और ईंटें बरसानी शुरू कर दीं। रेस्टोरेंट के अंदर घुसकर उन्होंने कुर्सियां, टेबल और सारा सामान तहस-नहस कर दिया। गुंडागर्दी इस कदर हावी थी कि उन्होंने खाना बनाने वाली लोहे की भारी-भरकम भट्टी उठाकर रेस्टोरेंट मालिक के सिर पर मार दी। इस जानलेवा हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और फिलहाल अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। सबूत मिटाने के लिए तोड़ा CCTV, गल्ले से कैश गायब हमलावर इतने शातिर थे कि उन्होंने वारदात को अंजाम देने से पहले सबूत मिटाने की कोशिश की। उन्होंने रेस्टोरेंट में लगे CCTV कैमरे को ईंट मारकर नीचे गिरा दिया, ताकि उनकी रिकॉर्डिंग न हो सके। इसके बावजूद, कैमरे के गिरने से पहले करीब 1 से 1.5 मिनट की फुटेज में उनकी सारी करतूत रिकॉर्ड हो गई है। पीड़ितों ने बताया कि हमलावर जाते-जाते काउंटर के गल्ले में रखे 40 से 50 हजार रुपये का कैश भी लूट कर ले गए। यह उनके पिछले तीन-चार दिनों की कमाई थी। पुलिस का बयान: सख्त कार्रवाई की जाएगी इस घटना के बाद पुलिस को सूचित कर दिया गया है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी अर्पित ने फोन पर पुष्टि की है कि पुलिस टीम ने मौके पर जाकर मुआयना किया है और तोड़फोड़ की तस्वीरें भी ली हैं। घायल की MLR अस्पताल से प्राप्त कर ली गई है। चूंकि पीड़ित अभी गंभीर हालत में है और बयान देने की स्थिति में नहीं है, इसलिए उसके होश में आते ही बयान दर्ज कर सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *