लुधियाना-बरनाला मुख्य मार्ग पर डिवाइडर से टकराई कार: हादसे से गाड़ी में लगी आग, परिवार ने कूदकर बचाई जान, हाईवे पर मची अफरा-तफरी – Barnala News
लुधियाना-बरनाला मुख्य मार्ग पर स्थित कस्बा महल कलां में शनिवार शाम करीब पौने आठ बजे एक सड़क हादसा हुआ। लुधियाना से बरनाला की ओर जा रही एक डस्टर कार अचानक बेकाबू होकर रोड डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर राख हो गई। खुशकिस्मती से कार में सवार परिवार के सदस्य समय रहते बाहर निकल आए, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। थाना महल कलां के प्रभारी कुलविंदर सिंह धालीवाल और एएसआई बलकौर सिंह ने बताया कि कार अमित कुमार निवासी जनकपुरी, लुधियाना चला रहे थे। वह अपने रिश्तेदारों को छोड़ने बरनाला जा रहे थे। पुलिस अधिकारी बोले- संतुलन बिगड़ने से यह हादसा पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब कार मालवा कॉलेज महल कलां के सामने पहुँची, तो अचानक संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। टक्कर के तुरंत बाद कार से धुआँ निकलने लगा और सवारियों के नीचे उतरते ही गाड़ी ने भीषण आग पकड़ ली। आग की ऊँची लपटों और काले धुएँ के कारण हाईवे पर दहशत का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने फायर ब्रिगेड और राहगीरों की मदद से आग पर काबू पाया। हादसे के कारण लुधियाना-बरनाला मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने तुरंत बहाल करवाया। पुलिस ने मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link

