लुधियाना-पठानकोट में बरसे बादल, जालंधर में तेज हवाएं: पंजाब में 2 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट; जून की आखिर में आ सकता है मानसून – Mohali News
पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। लुधियाना और पठानकोट में गुरुवार को बारिश हुई, जबकि जालंधर समेत कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज (25 जून) और कल के लिए राज्य में बारिश, आंधी और गरज-चमक का यलो अलर्ट जारी किया है। तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है और यह सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस बठिंडा में दर्ज किया गया। वहीं, बिजली की मांग 15 हजार मेगावाट से अधिक बनी हुई है, जबकि थर्मल प्लांटों की तीन यूनिटें बंद हैं। जून के अंतिम सप्ताह तक मानसून के पहुंचने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पंजाब के 12 जिलों में आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली शामिल हैं। वहीं, राज्य के 15 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली शामिल हैं। 33 फीसदी कम बारिश दर्ज पंजाब में पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 30.5 मिमी बारिश श्री आनंदपुर साहिब (रूपनगर) में दर्ज की गई। इसके अलावा पठानकोट, थेन डैम (पठानकोट) और मोहाली में 1-1 मिमी, जबकि पटियाला में 0.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अमृतसर में केवल ट्रेस बारिश दर्ज हुई, जबकि राज्य के अधिकांश अन्य जिलों में बारिश नहीं हुई। राज्य में अब तक सामान्य औसत 35.7 मिमी के मुकाबले 33 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। यानी इस सीजन में पंजाब में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि पिछले कुछ दिनों के दौरान कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिला है। जानिए गर्मी के दो असर:- ऐसी है मौसम की स्थिति पंजाब और आसपास के क्षेत्रों को प्रभावित कर रहा पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) अब पूर्व की ओर बढ़कर उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश व उससे सटे इलाकों तक पहुंच गया है। वहीं, हरियाणा के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) अब उत्तर हरियाणा के ऊपर सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से पंजाब के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव बना रहने की संभावना है। तापमान बढ़ने के आसार मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार, 24 से 26 जून और 29 जून तक पंजाब के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
Source link

