मोहाली में सफाई व्यवस्था पर लोगों का फूटा गुस्सा: खुद उठाया झाड़ू, सड़कों और नालियों से हटाया कचरा – Mohali News

मोहाली में सफाई व्यवस्था पर लोगों का फूटा गुस्सा:  खुद उठाया झाड़ू, सड़कों और नालियों से हटाया कचरा – Mohali News




मोहाली के सेक्टर-89सी और 89डी में सफाई व्यवस्था से असंतुष्ट स्थानीय निवासियों ने रविवार को स्वयं सफाई अभियान चलाया। वेलफेयर सोसायटी फॉर रेजिडेंट्स, ब्लॉक-सी, सेक्टर-89 के नेतृत्व में निवासियों ने सड़कों, पार्कों, खुले स्थानों और बाजार क्षेत्र से कचरा हटाया। इस दौरान निवासियों ने नालियों और सीवरेज गलियों से प्लास्टिक, मिट्टी तथा अन्य गंदगी साफ की। उनका कहना था कि नालियों में कचरा जमा होने से बरसात में जलभराव और दुर्गंध की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए, उन्होंने प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किए बिना स्वयं यह अभियान चलाने का निर्णय लिया। स्वयंसेवकों ने की खुले में कचरा न फेंकने की अपील स्वयंसेवकों ने स्थानीय दुकानदारों और अन्य निवासियों को खुले में कचरा न फेंकने, डस्टबिन का उपयोग करने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया। निवासियों ने जोर दिया कि एक दिन की सफाई से स्थायी समाधान नहीं होगा। इसके लिए नगर निगम को नियमित सफाई कर्मचारियों की तैनाती और कचरा उठाने की उचित व्यवस्था करनी होगी। वेलफेयर सोसायटी फॉर रेजिडेंट्स, सेक्टर-89सी के अध्यक्ष तिलक राज और रेजिडेंट वेलफेयर सोसायटी, सेक्टर-89डी के अध्यक्ष हरदीप सिंह ने नगर निगम मोहाली से बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक डस्टबिन लगाने, नालियों की नियमित सफाई कराने और बुनियादी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासी स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने को तैयार हैं, लेकिन नगर निगम को भी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करना चाहिए। अभियान के समापन पर निवासियों ने भविष्य में भी ऐसे स्वच्छता अभियान जारी रखने का संकल्प लिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *