मोहाली में ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ कैंप में विवाद: पार्षद पर दंपती से मारपीट व महिला को सीढ़ियों से गिराने का आरोप; पार्षद बोले- ‘राजनीति से प्रेरित हैं इल्जाम’ – Kharar News

मोहाली में ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ कैंप में विवाद:  पार्षद पर दंपती से मारपीट व महिला को सीढ़ियों से गिराने का आरोप; पार्षद बोले- ‘राजनीति से प्रेरित हैं इल्जाम’ – Kharar News




पंजाब सरकार की ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ के फॉर्म भरने के लिए लगाए गए एक कैंप में मंगलवार को जमकर हंगामा हो गया। गांव छज्जू माजरा के एक दंपती ने वार्ड नंबर-12 के पार्षद पर मारपीट और धक्का-मुक्की करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, पार्षद ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वार्ड बदलने की बात पर शुरू हुआ विवाद जानकारी के मुताबिक, गांव छज्जू माजरा की रहने वाली भूपिंदर कौर (48) अपने पति हरनाल सिंह के साथ योजना का फॉर्म भरवाने के लिए पहले वार्ड नंबर-13 के आंगनबाड़ी केंद्र गई थीं। वहां से उन्हें वार्ड नंबर-12 में चल रहे कैंप में भेज दिया गया। दंपती का आरोप है कि जब वे पार्षद के घर के बाहर चल रहे कैंप में पहुंचे, तो उन्हें कहा गया कि वार्ड नंबर-13 के फॉर्म यहां नहीं जमा होंगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। दंपती का आरोप: धक्का लगने से सीढ़ियों से गिरी महिला, कूल्हा टूटा हरनाल सिंह (जो जीएमसीएच-32 में सिक्योरिटी गार्ड हैं) का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पार्षद ने उनके साथ मारपीट की। जब उनकी पत्नी भूपिंदर कौर बीच-बचाव करने आईं, तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। आरोप है कि धक्का लगने के कारण महिला सीढ़ियों से नीचे जा गिरी, जिससे उनके कूल्हे में गंभीर चोट आई है। उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पार्षद की सफाई: मेरे पिता से की बदतमीजी, मैंने खुद 112 पर किया फोन दूसरी ओर, वार्ड नंबर-12 के पार्षद राजवीर सिंह राजी ने इन आरोपों को पूरी तरह से झूठा बताया है। पार्षद ने कहा कि कैंप में सखियां फॉर्म भर रही थीं और उन्होंने दंपती को सिर्फ इतनी जानकारी दी थी कि उनका फॉर्म वार्ड नंबर-13 में भरा जाएगा। पार्षद का दावा है कि इस बात पर हरनाल सिंह भड़क गए और उन्होंने उनके पिता के साथ अभद्र व्यवहार किया। पार्षद के मुताबिक, न तो कोई मारपीट हुई और न ही किसी को धक्का दिया गया। घटना के तुरंत बाद उन्होंने खुद पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल की थी। पुलिस जांच में जुटी थाना सिटी खरड़ के एसएचओ अमरिंदर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन महिला और दूसरे पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। तफ्तीश पूरी होने के बाद नियमों के मुताबिक उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *