मोगा में घेरकर युवक की पिटाई: बाइक पर सवार होकर आए हमलावर, कार के शीशे तोड़े, महिला के साथ बैंक से लौट रहा – Moga News
मोगा में एक युवक पर हमला कर बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। युवक बैंक से नकदी निकालकर लौट रहा था, तभी दो बाइक सवारों ने उसकी कार को घेर लिया। घटना के बाद युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, दलजीत सिंह एक महिला के साथ हुंडई कार में बैंक से लौट रहा था। इसी दौरान डंडों और लाठियों से लैस कुछ युवकों ने उनकी कार को रोका। हमलावरों ने कार के शीशे तोड़ दिए और दलजीत सिंह की पिटाई की। दलजीत सिंह को गंभीर चोटें आई हैं और उसे सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। दलजीत सिंह के साथ कार में मौजूद सपना सेतिया ने आरोप लगाया कि पुलिस दोनों पक्षों पर मामला दर्ज करने की बात कहकर उन पर समझौते का दबाव बना रही है। कई दिनों से पीछा कर रहे थे आरोपी सपना सेतिया ने बताया कि 15 जुलाई को रास्ता देने को लेकर दलजीत सिंह का कुछ युवकों से विवाद हुआ था, जिसके बाद से वे उसका पीछा कर रहे थे। इस संबंध में दो बार पुलिस को शिकायत भी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो यह घटना टाली जा सकती थी। वहीं, दूसरे पक्ष से संबंधित युवती आशु ने आरोपों का खंडन किया है। उसने बताया कि करीब 10 दिन पहले दलजीत सिंह ने बाजार जाते समय उसके साथ अभद्र व्यवहार किया था। इसकी जानकारी उसने अपने भाई को दी थी। आशु के अनुसार, पुलिस ने उनकी शिकायत पर भी कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण यह विवाद बढ़ गया। उसने बताया कि उसके भाई चेंबर रोड से गुजर रहे थे, तभी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट हो गई। मारपीट कर फरार हुए हमलावर पीड़िता सपना सेतिया ने कहा कि उनके पास घटना का वीडियो मौजूद है, जिसमें हमलावर मारपीट करने के बाद मौके से भागते दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद वे अस्पताल में कैसे भर्ती हो गए, यह जांच का विषय है। उन्होंने मांग की कि पुलिस आसपास के लोगों के बयान दर्ज करे और सीसीटीवी फुटेज की जांच करे, ताकि सच्चाई सामने आ सके। थाना प्रभारी गुरपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उनके अनुसार यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि नकदी लूट का कोई मामला सामने नहीं आया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
Source link

