मोगा में काम कर रहे मजदूर की करंट से मौत: एक घर में मजदूरी करने गया था, मकान मालिक पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज – Moga News
मोगा सिटी थाना पुलिस ने एक मकान में काम करने के दौरान करंट लगने से मजदूर की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कथित लापरवाही बरतने के आरोप में मकान मालिक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। गंभीर रूप से झुलसे मजदूर ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया था। थाना धर्मकोट के अंतर्गत आते गांव डिंडर खुर्द के निवासी सतनाम सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनके पिता रणजीत सिंह मजदूरी का काम करते थे। बीते 13 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे के बीच वह मोगा के कच्चा दुसांझ रोड स्थित एक मकान में काम करने के लिए गए हुए थे। काम के दौरान रणजीत सिंह अचानक वहां लगे करंट की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह हादसा मकान मालिक की कथित लापरवाही के कारण हुआ। हादसे के तुरंत बाद रणजीत सिंह को गंभीर हालत में इलाज के लिए फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उपचार के दौरान 17 जुलाई 2026 को उनकी मौत हो गई। बीएनएस (BNS) की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज पीड़ित परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना सिटी मोगा पुलिस ने कच्चा दुसांझ रोड के रहने वाले 19 वर्षीय मकान मालिक निर्मल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 106(1) (जो पहले आईपीसी की धारा 304-ए थी) के तहत दर्ज किया है। पुलिस जांच जारी मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस की एक टीम घटनास्थल से जुड़े सभी तकनीकी पहलुओं और तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है, ताकि लापरवाही के कारणों का सटीक पता लगाया जा सके।
Source link

