महाराज ट्रॉफी फाइनल में द्रविड़ के बेटे का दोहरा प्रदर्शन: फिर भी टीम हारी, शिवमोगा योद्धा ने पहली बार खिताब जीता
बेंगलुरु42 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ ने महाराजा ट्रॉफी के फाइनल मैच में दोहरा प्रदर्शन किया है। उन्होंने बेंगलुरु ब्लास्टर्स की ओर से 37 रन बनाए। साथ ही 4 विकेट भी झटके। हालांकि, ऑलराउंड प्रदर्शन के बावजूद वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रविवार को खेले फाइनल को शिवमोगा योद्धा ने 4 विकेट से जीत लिया। उसके कप्तान लुवनिथ सिसोदिया ने 45 गेंदों पर 87 रन की मैच विनिंग पारी खेली। लुवनिथ प्लेयर ऑफ द फाइनल चुने गए। जबकि, अभिलाष शेट्टी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे। शेट्टी ने 18 विकेट झटके।

द्रविड़-हेगड़े में फिफ्टी पार्टनरशिप, ब्लास्टर्स 185/8
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 185 रन बनाए। समित द्रविड़ ने 37 गेंदों पर 37 रन बनाए। उन्होंने कप्तान शुभांग हेगड़े (31 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी की।
सिसोदिया की कप्तानी पारी ने शिवमोगा को जिताया
186 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शिवमोगा ने 19.4 ओवर में 6 विकेट पर 186 रन बनाकर मैच खत्म कर दिया। अंत में अनीश केवी 19 गेंदों में 38 रन बनाकर नाबाद लौटे और टीम को जीत दिलाई।
कप्तान लुवनिथ सिसोदिया ने 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से 87 रन बनाए। उन्होंने पहले नवीन एमजी के साथ 68 रन और फिर अनीश केवी के साथ सिर्फ 22 गेंदों में 53 रन जोड़कर मैच शिवमोगा के पक्ष में कर दिया।
——————————–
राहुल द्रविड़ से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
द्रविड़ इंग्लैंड टेस्ट टीम के कोच बन सकते हैं, एंडी फ्लावर, फ्लिंटॉफ और लैंगर के नाम पर भी चर्चा

टीम इंडिया के पूर्व कोच राहुल द्रविड़ इंग्लैंड की टेस्ट टीम के नए मुख्य कोच बनने की दौड़ में शामिल हैं। ब्रेंडन मैकुलम के पद छोड़ने के बाद ECB (इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड) पॉसिबल कैंडीडेट्स के नाम पर विचार कर रहा है, जिसमें द्रविड़ का नाम भी है। पढ़ें पूरी खबर


