भास्कर अपडेट्स: राहुल गांधी ट्रेन से दिल्ली लौटे, आम लोगों के साथ सफदरजंग रेलवे स्टेशन से निकले; कोटा में छात्रों से बातचीत करने गए थे
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी राजस्थान के कोटा में छात्रों से मुलाकात के बाद गुरुवार सुबह ट्रेन से दिल्ली लौटे। दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर उन्हें आम लोगों के साथ बाहर निकलते देखा गया। वे कार में बैठकर अपने घर रवाना हुए। राहुल बुधवार को कोटा के दशहरा मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ क्रार्यक्रम में गए थे। इस दौरान उन्होंने स्टूडेंट्स से बात की। उन्होंने कहा- हिंदुस्तान का एजुकेशन सिस्टम बच्चों पर दबाव डालता है। मैं चाहता हूं कि हम सब मिलकर इसके खिलाफ लड़ाई लड़ें, ताकि आगे से किसी भी बच्चे को आत्महत्या जैसा कदम न उठाना पड़े। आज की अन्य बड़ी खबरें… तेलंगाना में बाइक राइडर की मौत, मोबाइल पर वीडियो बनाते समय डिवाइडर से टकराया तेलंगाना के रंगारेड्डी में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी घायल हो गया। दुर्घटना काली मंदिर रोड पर हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से जा टकराई। पुलिस के अनुसार, बाइक चला रहा युवक मोबाइल फोन पर वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था और कथित तौर पर शराब के नशे में भी था। इसी दौरान वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का वीडियो वायरल है। साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के लिए बनेगा राष्ट्रीय कॉल सेंटर, गृह मंत्री शाह ने निर्देश दिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने साइबर अपराध से जुड़े मामलों के तत्काल निपटारे के लिए राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सहायता मांगने वाले किसी भी नागरिक की शिकायत बिना जवाब के या पेंडिंग नहीं रहनी चाहिए। शाह ने 1930 हेल्पलाइन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक कॉल सेंटर स्थापित करने का निर्देश दिया। यह कॉल सेंटर उन शिकायतों और कॉल्स को संभालेगा जिनका जवाब राज्य स्तर पर नहीं मिल पाता है।
Source link

