बटाला में वकील 12 दिन से हड़ताल पर, लोग परेशान: बार एसोसिएशन ने की लीगल एड डिफेंस कौंसिल सिस्टम रद्द करने की मांग – Batala News
लीगल एड डिफैंस कौंसिल सिस्टम’ (LADCS) को पूरी तरह रद्द करने की मांग को लेकर बटाला बार एसोसिएशन के वकीलों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट गुरदीप सिंह रंधावा के नेतृत्व में वकीलों ने लगातार 12वें दिन भी अदालती कामकाज पूरी तरह ठप रखा। इस हड़ताल के कारण आज आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का भी वकीलों ने पूर्ण बहिष्कार किया, जिससे अदालतों में आए लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट गुरदीप सिंह रंधावा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह आंदोलन सिर्फ बटाला तक सीमित नहीं है। ‘ज्वाइंट एक्शन कमेटी पंजाब’ के आह्वान पर पूरे राज्य के वकील पिछले 12 दिनों से सामूहिक हड़ताल पर हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वकीलों का मुख्य उद्देश्य इस नए ‘लीगल एड डिफैंस कौंसिल सिस्टम’ को पूरी तरह वापस करवाना है, क्योंकि यह वकीलों और न्याय प्रणाली के हितों के खिलाफ है। जब तक सरकार और संबंधित विभाग इस सिस्टम को रद्द नहीं करते, तब तक वकीलों की यह बेमियादी हड़ताल और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। अगर जरूरत पड़ी, तो अपनी मांगों को मनवाने के लिए पंजाब के वकील देश की राजधानी दिल्ली में माननीय सुप्रीम कोर्ट के बाहर भी धरना देने से पीछे नहीं हटेंगे। लोक अदालत के बहिष्कार से ठप रहा काम हड़ताल के चलते अदालतों में मुकदमों की सुनवाई नहीं हो सकी। आज विशेष रूप से लोक अदालत का बहिष्कार किए जाने के कारण सैकड़ों मामलों के निपटारे लटक गए। वकीलों ने एकजुटता दिखाते हुए कोर्ट परिसरों में नारेबाजी की और अपनी मांग को लेकर आवाज बुलंद की। इस मौके पर एडवोकेट सुदेश गुप्ता, जतिन्द्र माना, विकास अग्निहोत्री, राजेश महंत, सुरेश कुमार, सनेहा शर्मा, कंवलजीत कौर, मनबीर घुम्मण, रविन्द्र ढिल्लों, रघबीर बाजवा, पूर्ण भागोवालिया, पंकज जुल्का, सतविन्द्र सिंह, दलविन्द्रजीत सिंह, बिक्रमजीत सिंह, भरत अग्रवाल, पारस भगत, नवजोत कौर, अमनदीप सिंह काहलों, मुनीश ओहरी, दिलबाग सिंह और प्रीतम लाल सहित बड़ी संख्या में बार एसोसिएशन के सदस्य व अन्य वकील उपस्थित रहे।
Source link

