फिरोजपुर में 60 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, दो गिरफ्तार: अबोहर से आ रही थी सप्लाई, 240 रुपये किलो में बेचा जा रहा था पनीर – Fazilka News
खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फिरोजपुर जिले के गुरुहरसहाय में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 60 किलोग्राम संदिग्ध नकली पनीर जब्त किया है। स्वास्थ्य विभाग के फूड सेफ्टी विंग ने मौके से पनीर के सैंपल भरकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। वहीं, इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया है। फूड सेफ्टी विंग के अधिकारी अभिनव ने बताया कि विभाग को पिछले काफी समय से इलाके में मिलावटी और केमिकल युक्त पनीर बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। टीम काफी दिनों से इस गिरोह पर नजर रख रही थी। जांच में सामने आया है कि यह संदिग्ध पनीर पिछले 15-20 दिनों से फाजिल्का जिले के अबोहर से गुरुहरसहाय में सप्लाई किया जा रहा था। अधिकारी ने बताया कि पकड़ा गया पनीर बाजार में मात्र 240 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचा जा रहा था। इतने कम दाम में शुद्ध पनीर बेचना संभव नहीं है, जिससे इसके रिफाइंड तेल या हानिकारक केमिकल्स से बने होने की प्रबल आशंका है। ऐसा पनीर सेहत के लिए बेहद घातक साबित हो सकता है। पुलिस जांच में जुटी, सप्लाई नेटवर्क का होगा पर्दाफाश छापेमारी के दौरान पुलिस ने अनिल कुमार और अशोक कुमार नाम के दो व्यक्तियों को काबू किया है। दोनों आरोपियों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि यह पनीर अबोहर में कहाँ तैयार किया जा रहा था और इसे गुरुहरसहाय व आसपास के इलाकों में किन-किन दुकानों या ढाबों पर सप्लाई किया जाता था। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लैब से सैंपलिंग रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
