फार्मेसी अफसर भर्ती परीक्षा में ब्लूटूथ से नकल: फरीदकोट, कोटकपूरा और फिरोजपुर में कार्रवाई, कई अभ्यर्थी हिरासत में – Faridkot News
फरीदकोट की बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज द्वारा पंजाब स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में 454 फार्मेसी अफसर पदों की भर्ती के लिए रविवार को आयोजित लिखित परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल करने का मामला सामने आया है। मामले का सुराग मिलने के बाद फरीदकोट, कोटकपूरा और फिरोजपुर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों से करीब 30 अभ्यर्थियों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है।हालांकि, इस मामले में अभी तक न तो बाबा फरीद यूनिवर्सिटी और न ही पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। सूत्रों के अनुसार, परीक्षा के दौरान पुलिस ने नकल करवाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया। गिरोह से मिली जानकारी के आधार पर विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कार्रवाई करते हुए ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से परीक्षा दे रहे कई अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया जबकि कुछ फरार हो गए। विभिन्न शिक्षण संस्थानों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे जानकारी के अनुसार, पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में 454 फार्मेसी अफसर पदों की भर्ती के लिए बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज, फरीदकोट को नोडल एजेंसी नियुक्त किया था। इसी के तहत रविवार को लिखित परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें करीब 7,000 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा के लिए फरीदकोट के अलावा कोटकपूरा और फिरोजपुर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को फरीदकोट में 11, कोटकपूरा में 6 और फिरोजपुर में 25 संदिग्ध अभ्यर्थियों द्वारा ब्लूटूथ डिवाइस के इस्तेमाल की सूचना मिली थी। इसके बाद विभिन्न केंद्रों पर कार्रवाई की गई। हालांकि, अब तक कितने अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस प्रशासन द्वारा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है।
Source link

