फाजिल्का में तीन युवकों की पिटाई: नशा बेचने का आरोप लगाकर बनाया बंधक, वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी – Fazilka News
फाजिल्का के गांव बांडीवाला में तीन युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि कुछ स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को नशा बेचने का संदेह जताते हुए पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान युवकों की वीडियो भी बनाई गई, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। मारपीट में घायल हुए तीनों युवकों को इलाज के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में शामिल जसवीर सिंह ने बताया कि वह अपने दोस्त रोनी को बाइक पर उसके गांव बांडीवाला छोड़ने जा रहा था। उनके अनुसार, गांव के पास पहुंचते ही कुछ स्थानीय लोग उनके पीछे लग गए और उन्हें रोक लिया। जसवीर का कहना है कि इलाके में पहले से कोई विवाद चल रहा था, जिसके चलते लोगों ने उन पर नशा बेचने का आरोप लगाते हुए हमला कर दिया। जसवीर का आरोप- मारपीट में मेरा पैरा टूटा जसवीर ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी टांग टूट गई, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य दो युवकों को भी गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन पर लगाए गए आरोप सही हैं तो पुलिस उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे और उनका डोप टेस्ट करवाया जाए। वहीं यदि वे निर्दोष साबित होते हैं तो उनके साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और मानहानि का मामला दर्ज कराया जाएगा। मामले को लेकर फाजिल्का के डीएसपी बी.एस. रंधावा ने बताया कि खुईखेड़ा थाना प्रभारी गुरमेल कौर मामले की जांच कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित और सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
Source link

