फरीदाबाद में विचाराधीन बंदी की मौत: अचानक बिगड़ी तबीयत, पंजाब का रहने वाला, धोखाधड़ी के केस में जेल था बंद – Ballabgarh News

फरीदाबाद में विचाराधीन बंदी की मौत:  अचानक बिगड़ी तबीयत, पंजाब का रहने वाला, धोखाधड़ी के केस में जेल था बंद – Ballabgarh News




फरीदाबाद के गांव नीमका स्थित जिला जेल में बंद एक विचाराधीन बंदी की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमृतसर निवासी जॉयपाल के रूप में हुई है। वह धोखाधड़ी के एक मामले में मार्च 2026 से जिला जेल में बंद था। जानकारी के अनुसार, जॉयपाल लंबे समय से मधुमेह (डायबिटीज) की बीमारी से पीड़ित था। शुक्रवार सुबह अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। जेल प्रशासन ने तुरंत उसे जिला जेल के अस्पताल में ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया। जब उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो उसे बेहतर इलाज के लिए फरीदाबाद के बीके अस्पताल रेफर कर दिया गया। बीके अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज शुरू किया गया। इसी दौरान जॉयपाल को खून की उल्टी हुई और उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मजिस्ट्रेट की निगरानी में हुआ पोस्टमार्टम घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि, जेल में बंद विचाराधीन बंदी की मौत के मामले में नियमों के अनुसार मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले में सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *